हमें वायरस की रफ्तार को कम करना है: कलेक्टर

कंटेनमेंट झोन के पोस्टर फाडऩे वालों पर होगी एफआईआर

उज्जैन। जिले में कोरोना के बढ़ते हुए प्रकरणों को देखते हुए कंटेनमेंट झोन में शत-प्रतिशत बेरिकेडिंग करवाई जाये, ताकि कोरोना वायरस की रफ्तार को कम किया जा सके। एक भी झोन ऐसा नहीं बचना चाहिये, जहां बेरिकेडिंग न की हो।

यह बात हिदायत कलेक्टर आशीष सिंह ने मंगलवार को बृहस्पति भवन में जिले में कोविड संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में ड्यूटीरत इंसीडेंट कमांडर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि कंटेनमेंट झोन का पोस्टर फाड़ा जाता है तो सम्बन्धित के विरूद्ध एफआईआर की कार्यवाही की जाये।

इस तरह के प्रभावी कदम अनिवार्यत: उठाने होंगे, जिसके कारण कोरोना पॉजीटिव व्यक्ति के घर के अन्य सदस्य घर के बाहर न निकल सकें। कलेक्टर ने उज्जैन में स्पॉट फाइन की स्थिति की भी समीक्षा की। दुकानों में लोगों की संख्या नियंत्रित करने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा यदि किसी दुकान पर भीड़भाड़ अधिक पाई जाती है तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जाता है तो दुकान को सील किया जाये।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें शत-प्रतिशत अटेंडेंस देना होगा, तभी कोरोना कंट्रोल होगा। कंटेनमेंट झोन में रहने वाले लोगों को यदि किसी प्रकार की समस्या आ रही हो तो उसका भी समय पर निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि कंटेनमेंट झोन में कोरोना के एक्टिव पेशेंट्स के घरवालों से भी निरन्तर सम्पर्क में रहें। यदि सदस्य सिम्टोमैटिक हैं तो उनकी जांच जरूर करवायें।

आम जनता से कोरोना रोकथाम के लिये जारी गाइड लाइन का पालन अवश्य करवाया जाये। कंटेनमेंट झोन के पोस्टर्स पर सेलो टेप का इस्तेमाल कर उन्हें बेरिकेड अथवा घर की दीवार पर चिपकाया जाये, ताकि वे हवा से उड़ न सकें। बेरिकेड के ऊपर कोरोना संक्रमित क्षेत्र के पोस्टर लगवाये जायें। एक्टिव मरीजों पर निगरानी रखने के लिये आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भी ड्यूटी लगाई जाये। कलेक्टर ने कहा सभी अधिकारी उनके अधिकार क्षेत्र में लगातार कंटेनमेंट झोन का निरीक्षण करते रहें।

त्रिवेणी मोक्ष धाम कोरोना संक्रमित शवों के अंतिम संस्कार के लिए आरक्षित

कोरोना पॉजिटिव एवं कोरोना संदिग्ध शवों का अंतिम संस्कार नगर निगम स्वामित्व के मोती नगर त्रिवेणी मोक्षधाम (शवदाह गृह) पर किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आदेश जारी कर त्रिवेणी मोक्षधाम को ऐसे मृत व्यक्तियों के अंतिम संस्कार के लिए आरक्षित किया है।

प्रत्येक रेपिड रिस्पांस टीम को मिलेंगे सुरक्षाकर्मी

कलेक्टर ने रेपिड रिस्पांस टीम के डॉक्टर्स एवं अन्य कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्देशित किया कि जैसे ही किसी क्षेत्र में कोविड पॉजीटिव रिपोर्ट आती है, वे तुरन्त वहां जाकर मरीज का परीक्षण करें एवं आवश्यक होने पर उसे हॉस्पिटलाईज करें। साथ ही होम क्वारेंटाईन रखने पर आवश्यक दवाओं एवं आपातकालीन सहायता के लिये मरीज एवं उनके परिजनों को रिस्पांस टीम के दूरभाष नम्बर देकर आयें। आरआरटी टीम की बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में शहर में कुल 24 रेपिड रिस्पांस टीम कार्यशील है। कलेक्टर ने प्रत्येक टीम में एक पुलिसकर्मी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर ने कहा है कि संक्रमण को धीमा करके ही कोरोना पॉजीटिव मरीजों का प्रबंधन किया जा सकेगा। कलेक्टर ने आरआरटी टीम को आवश्यक वाहन एवं एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये हैं। बैठक में आरआरटी टीम प्रभारी डॉ.रौनक एलची व टीम के सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

विक्रम यूनिवर्सिटी में बंगलों पर सियासत

Tue Mar 30 , 2021
शिक्षक संघ ने बंगले पर पहले से लगा ताला तोड़ खुद का ताला जड़ा राजनेताओं और अधिकारियों से कब्जा छुड़ाने की मांग उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय में मंगलवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। सभी शिक्षक विवि के सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए बैठे राजनेताओं, […]