नालियों का निर्माण न व्यवस्थित सफाई पंचायत के सामने ही भराया पानी

रूनिजा (बडऩगर), अग्निपथ। यह कहावत अक्सर सुनने में आती है कि चिराग तले अंधेरा होता है। और यही कहावत हकीकत में देखना हो तो रुनिजा पंचायत में देखा जा सकता है। पंचायत विकास निधि के लाखों रुपए मिलने के बाद भी झमाझम बारिश ने यहां की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। हालात यह है कि पंचायत भवन के सामने ही बारिश का पानी भरा गया।

पंचायत विकास निधि के नाम पर सात सालों में भी रूनिजा पंचायत को लाखों रूपये मिले हैं। जिससे विकास एवं जनता को मूलभूत सुविधा मुहैया कराना चाहिए लेकिन पंचायत की अनदेखी व लापरवाही के चलते रुनिजा जैसी पंचायत की जनता कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। वैसे तो पंचायत ने क्षेत्र में कुछ जगह नालियां बनवाई हैं लेकिन कई जगह अभी भी नाली का निर्माण नहीं हुआ है। जो नालिया बनी हैं उनकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। जिससे यह पूरी तरह से जाम हो चुकी है। गत दिवस झमाझम बारिश ने पंचायत की इस अव्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। बारिश का पानी नालियों की बजाए सड़कों पर फैलता जा रहा है। व्यवस्थित निकासी नहीं होने से पंचायत भवन के सामने बारिश का पानी घुटने तक जमा हो गया।

जनता परेशान
सड़कों पर हुए बारिश के जलजमाव से राहगीरों, स्कूल के बच्चे परेशान होते देखे गए। पंचायत परिसर में पंचायत भवन के अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक विद्यालय एवं सेवा सहकारी संस्था का उपभोक्ता भंडार है। जहां प्रतिदिन लोगों का आना जाना लगा रहता है। जिन्हें यहां पानी भरा होने के कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। पंचायत के सामने ही यह आलम है तो गांव की स्थिति क्या होगी इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

ये भी है कारण
इस संदर्भ में पंचायत सचिव राजेंद्र भाबोर से तो चर्चा नहीं हो सकी। वहीं पंच विश्वजीतसिंह राठौर ने बताया कि पंचायत के सामने पानी भरने का कारण दोनों साइड नालियां व्यवस्थित नहीं होना है। सफाई कर्मी को रूपये देकर गांव की नालियों की सफाई कराने का प्रयास किया है लेकिन अतिक्रमण के चलते पूरे गांव की नालियां साफ नहीं हो पाई हैं। लोग न तो स्वयं नालियों की सफाई करते है और नही पंचायत को करने देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

रोजगार सहायक से तंग ग्रामीणों ने सरपंच के साथ कलेक्टर को दिया ज्ञापन

Tue Aug 31 , 2021
देवास, अग्निपथ। ग्राम पंचायत काछी गुराडिय़ा के रोजगार सहायक द्वारा गांव के निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में रिश्वत की मांग करने आदि समस्याओं से तंग ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर के यहां शिकायत की। ग्रामीण जन गांव से सरपंच जुगल किशोर मालवीय के […]

Breaking News