श्री महाकालेश्वर मंदिर में शूटिंग : ओह माय गॉड, भक्त-भगवान के बीच बनाई दीवार

Oh My God -2 Akshay Kumar Mahakal Darshan
  • कलेक्टर का आदेश बना मुसीबत, राज्यपाल-मुख्यमंत्री से तगड़ा फिल्मी हस्तियों का प्रोटोकाल

  • दर्शन-पूजन के लिए मंदिर में जाने वाले श्रद्धालु, पुजारी-पुरोहितों को रोका

  • अभिनेता अक्षय कुमार ने दर्शन के बाद जारी किया फिल्म का पोस्टर

उज्जैन, अग्निपथ। शनिवार को ओह माय गॉड 2 की शूटिंग करने के लिए फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार महाकालेश्वर मंदिर सुबह 10.20 बजे पहुंचे। यहां पर उनकी सुरक्षा के लिए जबरदस्त इंतजाम किए हुए थे। भारी सुरक्षा के बीच अक्षय कुमार ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। उनके साथ कलेक्टर आशीष सिंह और मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ भी मौजूद थे। कलेक्टर के आदेश के चलते मीडियाकर्मियों को मंदिर में अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। यहां तक कि उनसे 100 रुपए का प्रोटोकॉल टिकट कटवा कर प्रवेश करने को कहा गया।

अक्षय कुमार ने दर्शन के बाद अपनी अपकमिंग मूवी ओह माय गॉड 2 के पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी किये। लेकिन प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पुरोहित-पुजारियों का प्रवेश रोक दिया था। जिसके चलते विवाद भी हुआ। मंदिर प्रशासन थोड़ी-थोड़ी देर में व्यवस्था बदलता रहा जिसके चलते श्रद्धालु काफी परेशान हुए। मीडिया कर्मी अजय पटवा से भी अभद्रता की गई और अन्य मीडियाकर्मियों को मंदिर में कवरेज नहीं करने दिया। इसके विरोध में धरना दिया गया। शनिवार को अभिनेता अक्षय कुमार सुबह 9.15 बजे चार्टर्ड प्लेन से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे।

जांच के बाद वे सीधे उज्जैन के लिए रवाना हुए। सुबह 10.20 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां पर कलेक्टर आशीष सिंह उनकी अगवानी करते हुए महाकाल धर्मशाला से उनको लेकर गणपति मंडपम की बेरिकेडिंग में पूजन अर्चन के लिए ले गए। उनके साथ अभिनेता पंकज त्रिपाठी भी साथ थे। यहां पर पुजारी आशीष गुरु ने उनका पूजन अर्चन संपन्न कराया।

सोशल मीडिया पोस्ट

इसके पश्चात अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर ओह माय गॉड 2 का पोस्टर जारी करते हुए लिखा- कर्ता करे न कर सके ….शिव करे सो होय…..। आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की आवश्यकता है…। सामाजिक मुद्दों पर चिंतन का यह हमारा ईमानदार और विनम्र प्रयास है…। आदियोगी हमें आशीर्वाद दें…। महाकाल दर्शन के दौरान उन्होंने भगवान महाकाल से मन्नत भी मांगी।

प्रवेश रोकने पर पुरोहित पुजारी हुए नाराज

महाकाल मंदिर में हो रही ओह माय गॉड 2 की शूटिंग में शनिवार को अक्षय कुमार शाम तक शूटिंग करने के पश्चात वापस चले गए। लेकिन उनके आगमन से पूर्व प्रशासन ने व्यवस्था इतनी सख्त कर रखी थी कि पुरोहित और पुजारियों को प्रवेश करने से भी रोक दिया गया था। उनको भी मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। जिसके चलते उनका विवाद मौजूद सुरक्षाकर्मियों से हो गया। उनको समझाने के लिए सहायक प्रशासक पूर्णिमा सिंगी और मूलचंद जूनवाल पहुंचे तो उनसे पुजारी पुरोहितों ने नाराजगी व्यक्त की। पुरोहित पुजारियों का कहना था कि मंदिर में प्रवेश के पहले ही रोक दिया गया। पुजारी पुरोहितों का कहना था कि शूटिंग अपनी जगह चलने दी जाए और हमें अपना नित्य का काम करने दिया जाए। श्रद्धालुओं की ओर से पूजा पाठ कौन कराएगा। यहां तक कि गेट नंबर 4 और 5 से प्रवेश करने पर श्रद्धालुओं को भी रोक दिया गया। बीच-बीच में 250 रुपए शीघ्र दर्शन टिकट धारियों को 4 नंबर गेट से जाने दिया गया लेकिन पांच नंबर गेट प्रोटोकाल गेट को बंद कर दिया गया था। प्रोटोकॉल प्राप्त श्रद्धालुओं को प्रवेश करने की व्यवस्था निर्गम गेट से की गई थी।

मीडिया कर्मियों से अभद्रता

अभिनेता अक्षय कुमार जैसे ही महाकाल धर्मशाला में पहुंचे। उनके पीछे-पीछे मीडियाकर्मियों का हुजूम भी पहुंचने लगा। जिन को रोकने का प्रयास वहां पर ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा किया गया। इसके बावजूद इलेक्ट्रानिक चैनल के पत्रकार अजय पटवा ने जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया। वहां पर मौजूद एडिशनल एसपी अमरेंद्रसिंह ने सख्ती दिखाते हुए पटवा और अन्य मीडिया कर्मियों को महाकाल प्रवचन हाल के गेट से बाहर कर दिया।

किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि बाद में मीडिया कर्मियों को महाकाल धर्मशाला तक जाने की इजाजत दे दी गई थी। लेकिन मंदिर के अंदर प्रवेश को लेकर प्रतिबंध जस का तस था। कलेक्टर आशीष सिंह ने इस मामले में मीडिया से चर्चा में कहा कि श्रद्धालुओं के दर्शन में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आने दी जा रही है।

प्रोटोकॉल दर्शन में थोड़ा फेरबदल किया गया था। पंडे-पुजारियों को मंदिर में आने में शुरू में कुछ दिक्कत आई हो लेकिन फिल्म बड़ा विषय है। इससे उज्जैन में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

100 रूपए टिकट और अभद्रता के विरोध में मीडियाकर्मियों का धरना

कलेक्टर के आदेश जिसमें कहा गया है कि पत्रकारों को भी 100 रुपए का प्रोटोकाल टिकट कटवाना पड़ेगा। इसको अलग तरह से लेते हुए शनिवार को एक सहायक प्रशासक ने मीडिया कर्मियों से 100 रुपए का प्रोटोकाल टिकट लेकर प्रवेश करने को कहा। साथ ही मीडिया कर्मियों से अभद्रता भी की गई। जिसको लेकर प्रेस क्लब के पदाधिकारी पत्रकार रामचंद्र गिरी महाकालेश्वर मंदिर के चार नंबर गेट के सामने धरने पर बैठ गए।

उनके समर्थन के लिए प्रेस क्लब अध्यक्ष विशाल सिंह हाड़ा सहित अन्य मीडिया कर्मी भी पहुंचे। काफी देर बाद कलेक्टर ने सहायक प्रशासक पूर्णिमा सिंगी और सीएसपी पल्लवी शुक्ला को मनाने के लिए भेजा और व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया। इस दौरान दोनों ही अधिकारियों ने प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री हाड़ा की बात कलेक्टर से करवाई।

कलेक्टर द्वारा प्रेस क्लब के प्रतिनिधि मंडल के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के सुमेरसिंह सोलंकी, राजेश रावत, राहुल यादव, राजकुमार अग्रवाल, रेखा गोस्वामी, पंकज शर्मा, शादाब अंसारी, मोहित राजे, धर्मेन्द्र राठौर सहित अन्य मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

माचिस 14 साल बाद होगी महंगी, एक डिब्बी के लिए 2 रुपए चुकाने होंगे

Sat Oct 23 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। माचिस की कीमत 14 साल बाद दोगुनी होने वाली है। एक दिसंबर 2021 से आपको माचिस की एक डिब्बी के लिए 1 रुपए की जगह 2 रुपए खर्च करने होंगे। आखिरी बार 2007 में माचिस के दाम 50 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपए किए गए थे। कीमतों में […]

Breaking News