क्वार्टर छीना तो अपर आयुक्त ने फोड़ा लेटर बम

आयुक्त से कहा- सहायक आयुक्त को उपकृत करने के लिए दिया खरीदी वाला विभाग

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम उज्जैन में फिर से 6 महीने पहले जैसा माहौल बनने लगा है। इस महकमे के बड़े अधिकारियों के बीच ही अब आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। एक दूसरे की शिकायतें होने लगी है। आयुक्त अंशुल गुप्ता के साथ सार्वजनिक तनातनी करने वाले अपर आयुक्त आर.एस. मंडलोई ने हाल ही में आयुक्त को एक लेटर लिखा है। इस लेटर में उन्होंने सीधे-सीधे आयुक्त पर सहायक आयुक्त को उपकृत करने का आरोप लगा दिया।

अपर आयुक्त आर.एस. मंडलोई कुछ दिन पहले ग्रांड होटल परिसर में आयुक्त अंशुल गुप्ता पर अच्छे-खासे नाराज हो चुके है। इसके बाद आयुक्त ने 4 जनवरी को मंडलोई को आवंटित ग्रांड होटल का क्वार्टर सहायक आयुक्त नीता जैन को आवंटित कर दिया।

अपर आयुक्त मंडलोई की नाराजगी क्वार्टर छिन जाने के बाद से ही चरम पर है। उन्होंने आयुक्त गुप्ता को हाल ही में एक लेटर लिखा। इस लेटर में उन्होंने लिखा है कि तत्कालीन उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल से रिक्त कराए गए ग्रांड होटल के क्वार्टर को 11 अक्टूबर को मुझे आवंटित किया गया था। बिना उचित कारण दर्शाए इसे 4 जनवरी को सहायक आयुक्त नीता जैन को आवंटित कर दिया गया।

मंडलोई ने आयुक्त को लिखे लेटर में आयुक्त पर ही आरोप लगाया कि आपके द्वारा द्वारा एक निम्न स्तर के सहायक आयुक्त (मुख्य नगर पालिका अधिकारी वर्ग-3) जिनकी परीविक्षा अवधि भी समाप्त नहीं की गई, उन्हें उपकृत करने के लिए लाखों-करोड़ो की खरीदी करने वाले स्टोर विभाग का चार्ज दे दिया गया है।

जबकि उक्त अधिकारी को शासन द्वारा ट्रेप प्रकरण में शामिल होने पर नगर पालिका से नगर निगम में लूप लाईन में पदस्थ किया गया है। पूरी तरह से कडक़ भाषा में लिखे गए लेटर के आखिर में मंडलोई ने एक लाइन लिखी- प्रार्थी को आवंटित आवास गृह का आधिपत्य दिलाए जाने की कृपा करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बिजली कंपनी कार्यालय से 26 लाख के मीटर चोरी

Thu Jan 13 , 2022
विभाग ने की खानापूर्ति, बिना ताला तोड़े हुई वारदात,अफसर बोले पुराने थे मीटर उज्जैन,अग्निपथ। विद्युत कंपनी के मक्सी रोड कार्यालय में अनोखी घटना सामने आई। चोर विभाग के स्टोर से 26 लाख रुपए के मीटर ले उड़े। घटना का पता चलने पर अधिकारी ने गुरुवार को माधवनगर थाने में आवेदन […]

Breaking News