मरीज को 30 मिनट रखेंगे ऑब्जर्वेशन रूम में, एक दिन में 100 को लगाने का लक्ष्य

सीएमएचओ ने खुद मरीज बनकर लगवाई ‘ड्राय वैक्सीन’

उज्जैन, अग्निपथ। जिले में तीन स्थानों पर शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन का ड्राय रन का अभ्यास किया गया। सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल ने मीडिया कर्मियों के सामने वैक्सीनेटर ऑफिसर से इंजेक्शन लगवा कर रिहर्सल पूरी की। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों में वैक्सीन लगवाने वाले के पंजीकरण से लेकर ऑब्जरवेशन रूम तक उसे पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी। संभाग आयुक्त, कलेक्टर और एसपी भी ड्राय रन को देखने के लिए सुदामा नगर स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज पहुंचे।

वैक्सीन लगाने के लिए 12 हजार 448 स्वास्थ्य कर्मियों का पंजीयन किया गया है। नर्सिंग कॉलेज में शुक्रवार सुबह 9 से 12 बजे के बीच ड्राय रन रिहर्सल का आयोजन किया गया। पुष्पा मिशन अस्पताल और तराना के एक स्कूल में भी इसी प्रकार के ड्राय रन रिहर्सल का आयोजन किया गया था। वैक्सीन मिलने के बाद इन स्वास्थ्य कर्मियों को मोबाइल पर मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें स्थान, समय आदि की जानकारी होगी। स्वास्थ्य कर्मियों के सेंटर पहुंचने के बाद 9 से 5 बजे तक किसी भी समय उनका वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसके पूर्व उसका पंजीयन करके वेटिंग रूम में बैठाया जाएगा। वेटिंग रूम से उसको वैक्सीनेशन कक्ष में ले जाया जाएगा। जहां पर उसका टीकाकरण किया जाएगा। इसके पश्चात उसको ऑब्जर्वेशन कक्ष में 30 मिनट तक बैठाया जाएगा और निगरानी रखी जाएगी कि कहीं उसको वैक्सीन का साइड इफेक्ट तो नहीं हो रहा है। हालत ठीक होने पर उसको घर जाने की अनुमति दे दी जाएगी।

आधा मिली लगेगी एक मरीज को

नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण करने आए सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल ने बताया कि कोरोना वैक्सीन की एक शीशी में से दो लोगों को अलग-अलग समय में इसको लगाया जाएगा। प्रतिदिन 100 लोगों को एक सेंटर में वैक्सीन लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लेकिन इस दौरान समय अधिक लगेगा तो 1 दिन में 60 मरीजों को वैक्सीन का डोज लगाया जाएगा।

संभागायुक्त-कलेक्टर पहुंचे

सुबह नर्सिंग कॉलेज में रिहर्सल के दौरान संभाग आयुक्त आनंद कुमार शर्मा, कलेक्टर आशीष सिंह और एसपी सत्येंद्र शुक्ला वैक्सीन लगाने की रिहर्सल देखने पहुंचे। उन्होंने यहां पर वैक्सीनेशन की ट्रायल देखी।

दावा: 99 प्रतिशत सुरक्षित वैक्सीन

सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल ने मीडिया कर्मियों के सामने वैक्सीनेशन कक्ष में खुद मरीज बनकर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया की रिहर्सल की। उन्होंने वैक्सीनेटर ऑफिसर से जवाब तलब भी किया। डॉ. खंडेलवाल ने बताया कि ब्लड प्रेशर, मधुमेह, हार्ट के पेशेंट भी वैक्सीन लगवा सकते हैं। लेकिन ऐसे मरीज जिन को हाल ही में बुखार आया हो या अन्य कोई शिकायत हुई हो तो उस व्यक्ति का वैक्सीनेशन नहीं किया जाएगा। वैक्सीन 99 प्रतिशत सुरक्षित है। किसी भी मरीज की तबीयत बिगड़ती है तो एंबुलेंस से उसको तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकालेश्वर मंदिर वीआईपी प्रांगण में फिर 5 कौवों की मौत

Fri Jan 8 , 2021
अभी तक 21 कौवों की मौत, वनविभाग कर्मियों के पास उठाने के लिए ग्लोब्स तक नहीं उज्जैन, अग्निपथ। प्रदेश में बर्ड फ्लू पक्षियों पर कहर बरपा रहा है। महाकालेश्वर मंदिर में भी कौवों के आशियाने हैं। यहां पर भी कौवों की मौत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को 5 कौवे […]

Breaking News