उज्जैन में एक हजार करोड़ का इंवेस्ट आया, 16 हजार से ज्यादा को मिलेगा रोजगार: सांसद फिरोजिया

केंद्र सरकार के नौ साल के उपलक्ष्य में पत्रकार बने उज्जैन तीर्थ विकास यात्रा के सहभागी

उज्जैन, (राजेश रावत) अग्निपथ। भाजपा की केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ने तीर्थ विकास यात्रा का आयोजन किया था। इसमें उज्जैन के पत्रकारों ने उज्जैन में आकार ले रही पांच फैक्ट्री और नेशनल हाईवे के काम को देखा और इसके कर्ता-धर्ताओं से सवाल करके उनके काम की गति और उज्जैन में रोजगार के अवसर को लेकर चर्चा की।

इस दौरान भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि देश में चार मेडिकल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से एक उज्जैन में बनेगा। इसकी स्वीकृति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी है। इस पार्क में एक हजार करोड़ का इनवेस्ट आया है। 16 हजार से ज्यादा युवाओं को सीधे रोजगार और इतने ही लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। कंपनियों ने काम शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही सितंबर से उत्पादन शुरू हो जाएगा। इनमें अमूल की पंचामृत, बेस्ट लाइफ एप्रल, कर्नाटक बायोटेक, श्रीनिवास फर्मासियुटिकल, सिमबाइटिक और 4857 करोड़ की लागत से बनने वाला नेशनल हाईवे शामिल हैं। इसे जीआर इंफ्रा और एक अन्य कंपनी बना रही है।

फिरोजिया ने बताया कि उज्जैन में 32 उद्योगों में कुल 2447 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इसमें 16696 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। अब तक 13 उद्योगों को भूमि का आवंटन हो चुका है। जबकि 15 उद्योग अभी निर्माणाधीन स्थिति में हैं। चार उद्योगों को आशय पत्र यानी एलओआई दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विक्रमनगर उद्योगपुरी में 29 कंपनियों ने 358 एकड़ जमीन की मांग की है। इसमें से अब तक 275 एकड़ से ज्यादा की जमीन उद्योगों को दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 850 करोड़ रुपए की लागत से उज्जैन के स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। रेलवे के प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण 150 करोड़ में होगा।

केवल तीन कंपनियों को मिलेगा 10 हजार को रोजगार

सांसद फिरोजिया ने बताया कि उज्जैन में जेके सीमेंट 340 करोड़ की लागत से सोडग़ में प्लांट लगाने जा रहा है। इसमें दो हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। बेस्ट लाइफ स्टाइल एप्रल 167 करोड़ की लागत से प्लांट लगा रही है। इसमें 4130 महिलाओं को सीधे रोजगार मिलेगा। वहीं प्रतिभा स्वराज प्रालि कंपनी 132 करोड़ की लागत से प्लांट लगा रही है। इसमें चार हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं रेलवे के प्रशिक्षण संस्थान में 800 लोगों को रोजगार मिलेगा।

नेशनल हाईवे निर्माण 4857 करोड़ में बन रहे

सांसद फिरोजिया ने बताया कि उज्जैन में तीन फोर लेन उज्जैन से देवास 886 करोड़, उज्जैन से गरोठ फोरलेन 3509 करोड़, उज्जैन से बदनावर फोरलेन 907 करोड़ में बनेगा। इसके अलावा उज्जैन से झालावाड़ की सडक़ 346 करोड़ रुपए में बनेगी। इस तरह से सडक़ निर्माण पर 4857 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वहीं जावरा से नागदा, उन्हेल,नागदा, उज्जैन होते हुए पीथमपुर नेशनल हाईवे का कार्य प्रस्तावित है।

बेस्ट लाइफ में 150 को मिल रहा प्रशिक्षण

पत्रकारों को बेस्ट लाइफ के प्रोजेक्ट हेड धीरेंद्र मलानी ने बताया कि अभी 150 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एक ट्रेनी पर करीब सवा लाख का खर्च आ रहा है। कंपनी के टीशर्ट, अंडरगारमेंट, बेवी लोअर, हुड आदि बनाने का काम सिखाया जा रहा है। सभी इंटरनेशनल ब्रांड के उत्पाद बनाए जाएंगे। वहीं श्रीनिवास फार्मासियुटिकल के विष्णु जाजू ने बताया कि 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी दवा में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद बनाएगी। एक मशीन 25 लाख की है। वहीं कर्नाटका एंटी बायोटेक के कोआर्डिनेटर प्रशांत जोशी ने बताया कि कंपनी दवा के इस्तेमाल में उत्पादन बनाएगी। कंपनी दो फेस में उद्योग लगाएगी।

वहीं अमूल पंचामृत नाम से फैक्ट्री लगा रही है। यहां अमूल के सभी उत्पाद मिलेंगे। कंपनी का राजेश सुखालिया ने बताया कि 20 हजार किसानों को जोडऩे की कवायद चल रही है। इस समय 10 हजार लीटर दूध उज्जैन में अमूल सप्लाय कर रहा है। उसका लक्ष्य 80 से 90 हजार लीटर सप्लाय करने का है। सिंतबर में अमूल आईसक्रीम प्लांट को शुरू कर देगा। दीपावली पर कंपनी के लगभग सभी प्रोडक्ट मिलने लगेंगे। मशीनें आ चुकी हैं। जीआर इंफ्रा नेशनल हाईवे का निर्माण कर रहा है।

प्रोजेक्ट हेड धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि 907 करोड़ की लागत से उज्जैन से बदनावर फोरलेन को बनाया जा रहा है। चार महीने पहले ही इसे तैयार कर लिया जाएगा। प्रशासन का सहयोग मिल रहा है। सांसद खुद ही पूरे प्रोजेक्ट की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

सात राज्यों के बूथ विस्तारक उज्जैन आए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बूथ विस्तारक अभियान के तहत सात राज्यों नागालैंड, मिजोरम, अंडमान निकोबार, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मणीपुर से बूथ विस्तारक उज्जैन आए हैं। यह जानकारी भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सह बुद्धे ने देते हुए बताया कि सभी 28 जून से 4 जुलाई तक उज्जैन में रहेंगे और पन्ना प्रमुख, पन्ना समिति के साथ मिलकर बूथ को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। इस दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, पूर्व सांसद चिंतामण मालवीय, विवेक जोशी, महापौर मुकेश टटवाल, कलावती यादव, सतीश मालवीय, संजय अग्रवाल, विशाल राजोरिया, औम जैन, दिनेश जाटवा आदि मौजूद थे।

Next Post

महाकाल क्षेत्र की गलियों में रखी गुमटियों को हटाया

Wed Jun 28 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकाल मंदिर क्षेत्र में लगी गुमटियों को तो प्रशासन ने करीब दो महीने पहले अप्रैल में ही हटा दिया था। बुधवार को निगम की टीम ने गलियों में रखी इन बंद गुमटियों को हटाने की कार्रवाई भी की। अप्रैल में पं. प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण के […]