उज्जैन, अग्निपथ। 4 दिन पहले शराब के साथ जहर मिलाकर पीने वाले मजदूर की रात में मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद में युवक ने कदम उठाया है।
पानबिहार के रहने वाले कमल पिता कनीराम बोड़ाना (25) को 14 दिसंबर की रात परिजन उपचार के लिये जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने रैफर कर दिया था। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां रविवार रात कमल की मौत हो गई। सुबह पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान जीजा अर्जुन ने बताया कि कमल ने शराब के साथ जहर मिलाकर पीया था। हालत बिगडऩे पर उसे अस्पताल लेकर आये थे। उसकी 6 माह पहले शादी हुई थी, लेकिन 20 दिन पहले पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस ने आशंका जताई कि घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है।
महिला ने लगाई फांसी
सोमवार देर शाम जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के अवंतिपुरा में रहने वाली अंकिता पति कान्हा पांचाल ने फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे देखा तो जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची थी। मामले में मर्ग कायम किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय पति घर पर नहीं था, जिससे पूछताछ के लिये थाने बुलाया गया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही महिला द्वारा फांसी लगाने का कारण सामने आ पायेगा।