नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों की सदस्यता अभियान में लगा दी ड्यूटी

कांग्रेस का आरोप- लाड़ली बहना योजना के नाम से बनवा रहे भाजपा के सदस्य

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों की ड्यूटी भाजपा द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान में लगा दी गई। सभी 6 झोन कार्यालयों, निगम मुख्यालय से सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को भाजपा के सदस्यता अभियान में लगा दिया गया। सोमवार को नगरनिगम में अनुपस्थित आऊटसोर्स कर्मचारियों का पंचनामा कांग्रेस पदाधिकारियों ने बनाया।

विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रति पक्ष रवि राय ने भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि क्या नगर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कम पड़ गए हैं अथवा क्या भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के कहने पर नगर के नागरिक भाजपा के सदस्य नहीं बन रहे हैं जो अब शासकीय मशीनरी को उतारा गया है। आम नागरिकों को जो किसी राजनीति से वास्ता नहीं रखना चाहते हैं व किसी विवाद में पडऩा नहीं चाहते हैं उन्हें जबरन भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनाने का कार्य शहर में किया जा रहा है।

इसकी सूचना लगने पर नगर निगम में पार्षदगणों के साथ नगर निगम के विभागों का निरीक्षण किया यहां आउटसोर्स कर्मचारी सभी जगह अनुपस्थित पाए गये। वहीं आम नागरिक हितग्राही कई घंटे से नगर निगम में अपने काम कराने की प्रतिक्षा कर रहे थे लेकिन स्टाफ नहीं होने के कारण कोई काम नहीं हो पाया। इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र गब्बर कुवाल, फिरोज पठान, इमरान भाई आदि मौजूद रहे।

यहां जानकारी मिली कि नगर निगम कर्मचारियों को आम लोगों माता बहनों को धोखा देकर लाड़ली लक्ष्मी योजना के फार्म भरने और योजना में सहभागिता के नाम पर सदस्य बनाने सडक़ पर उतारा गया। शहर के आम नागरिकों, माता बहनों से झूठ बोला जा रहा है कि यह लाडली लक्ष्मी योजना के फॉर्म भरने आएं है।

विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने भाजपा द्वारा स्वार्थ के लिए आम जनता से किये जा रहे धोखे और बोले जा रहे झूठ पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेस पार्टी ने इसका विरोध करते हुए अपने सभी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष को निर्देश भी दिये कि वह सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के क्षेत्र में जाकर देखें की कौन-कौन से कर्मचारी, आउटसोर्स कर्मचारी भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में लगे हैं। उनके फोटो और वीडियो बनाकर के उनके फोटो और कांग्रेस पार्टी कार्यालय में जमा कराये।

जन्म मृत्यु शाखा भी रही खाली

निगम में कांग्रेस के पार्षदों ने विभागों में जाकर निरीक्षण किया जहां आउटसोर्स कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कुर्सियां खाली थी और नागरिक परेशान हो रहे। नगर निगम के जन्म मृत्यु शाखा एवं गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ में जितने भी आउटसोर्स के कर्मचारी काम करते हैं वह सभी 23 सितंबर सोमवार को अनुपस्थित थे।

उन्हें प्रात: काल से ही संबंधित उनके नियोक्ता अथवा निगम के अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा राजनीतिक दबाव के चलते वार्ड के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ड्यूटी लगाई गई है कि वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में लोगों को सदस्य बनाएं। विभागीय कर्मचारियों ने बताया आउटसोर्स कर्मचारी भाजपा के सदस्यता अभियान में लगे हुए है।

उक्त कार्य की निंदा करते हुए विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि शासन प्रशासन इन सब अनियमिताओं को देखें और जो भारतीय जनता पार्टी के दबाव और संरक्षण में निगम कर्मचारी, आउट सोर्स कर्मचारियों को और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्य अभियान में लगाना बंद करें।

Next Post

वेधशाला में देखी खगोलीय घटना, शरद ऋतु आज से

Mon Sep 23 , 2024
सूर्य का विषुवत रेखा पर लम्बवत होने के कारण दिन और रात की अवधि बराबर उज्जैन, अग्निपथ। 23 सितम्बर को सूर्य विषुवत रेखा पर लम्बवत् होने से इसे शरद सम्पात कहते है। सूर्य का विषुवत् रेखा पर लम्बवत होने के कारण दिन और रात की अवधि बराबर 12 घण्टे की […]