एक बार फिर बडऩगर बना अयोध्या नगरी,प्रभातफेरियों के संगम में उमड़ा भक्तों का हुजूम

बडऩगर, (अजय राठौड़) अग्निपथ। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्रीराम भक्तों ने पौष शुक्ल द्वादशी को खुशी का उत्सव मनाया। उत्सव अंतर्गत नगर व बडऩगर तहसील के विभिन्न गावों में निकलने वाली प्रभात फेरियों का सामूहिक संगम में उमड़े राम भक्तों ने अपनी उपस्थिति से एक बार फिर बडऩगर को अयोध्या नगरी बना डाला।

लगभग 3 किमी लम्बे मार्ग पर जहां से प्रभात फेरी निकली उधर जय-जय श्रीराम का उद्घोष व झांझ-मंजीरे आदि की धुन पर भजन कीर्तन से सारा नगर राम मय हो गया। वहीं नगर वासियों, संस्थाओं, विभिन्न धार्मिक मण्डलो सहित भक्तो ने प्रभात फेरी सदस्यो का मंचो के माध्यम से पुष्प पंखुरिया उड़ाकर स्वागत – अभिनंदन किया।

100 से अधिक मण्डलों ने दर्ज कराई उपस्थिति

भक्तों के तन, मन, धन से किए सहयोग से बडऩगर प्रभात फेरी भक्त मण्डल द्वारा यह आयोजन किया था जिसमें गांव – गांव जाकर भक्त मण्डल के सदस्यो से सम्पर्क कर सामुहिक प्रभात फेरी समागम के लिए आमंत्रण दिया था। वहीं नगर में प्रतिदिन निकलने वाली प्रभात फेरी के माध्यम से नगर में प्रतिदिन सामुहिक प्रभात फेरी संगम में शामिल होने का अनुरोध किया था। जिसमें घर – घर जाकर भी चावल देकर आमंत्रण दिया था। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र से व नगर सहित लगभग 100 से अधिक प्रभात फेरी मण्डल के हजारो सदस्यो ने शामिल होकर धर्म ध्वजा को लहराया है।

प्रभात फेरी मण्डलों का किया सम्मान

स्वामी नारायण सम्प्रदाय के दिव्य स्वरूप स्वामी जी व अमृतनिधि स्वामी जी कुक्षी (निमाड़) के सानिध्य में सामूहिक प्रभात फेरी में शामिल होने वाली प्रत्येक प्रभात फेरी भक्त मण्डल का सम्मान बडऩगर प्रभात फेरी भक्त मण्डल की ओर से किया गया। जिसमें स्वामीजी के हाथो प्रभात फेरी भक्त मंडल को दुपट्टा व रामलला की तस्वीर देकर सम्मान किया गया। वहीं विधायक जितेन्द्र सिंह पण्डया ने स्वामीजी का सम्मान किया।

बच्चों ने भी दिखाया उत्साह

कड़ाके की ठंड में श्री राम भक्तों का उत्साह प्रभात फेरियों के संगम में कहीं भी कम नजर नहीं आया। ठण्ड के मौसम में भी अल सुबह गांवों से अपने वाहनों से भक्त उत्साह पूर्वक बडऩगर प्रभात फेरी स्थल पहुंचे। जहां युवा, महिला, पुरुष प्रभात फेरी में शामिल हुए वहीं बच्चों व वृद्धों ने भी ठण्ड की परवाह किए बगैर आयोजन में अपना उत्साह दिखाया। प्रभात फेरी में श्री राम जी, राधाकृष्ण की झांकी के साथ हनुमान जी की वेशभूषा में भक्त आकर्षण का केंद्र रहे।

श्रीरामलला की आरती पश्चात शुरू हुई प्रभात फेरी में सबसे आगे अश्व पर सवार नन्हा बालक केसरिया परचम लहरा रहा था। वहीं महिला, पुरुष, वृद्ध झांझ, मंजीरे आदि की धुन पर कीर्तन करते हुए चल रहे थे। कई बालिकाऐ, युवा राम भजनो पर थिरके भी सही। इन सबके बीच आतिशबाजी से फलक रोशन हो रहा था। चारों ओर केसरिया परचम भक्तों द्वारा फहराए जा रहे थे।

प्रभात फेरी में विधायक जितेंद्र सिंह पण्डया, पूर्व विधायक द्वय शांतिलाल धबाई, मुरली मोरवाल, अजबसिंह देवड़ा, नगर भाजपा अध्यक्ष नवीन राठौड़, गायत्री परिवार के सुभाष गुप्ते, उमाशंकर मेहता आदि सहित कई गणमान्यजन, जनप्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित हुए।

Next Post

वाग्देवी का पूजन कर स्वदेशी मेले का शुभारंभ

Sat Jan 11 , 2025
धार, अग्निपथ। संघ के पंच परिवर्तन के विचार के आधार पर स्वदेशी जागरण मंच स्वदेशी मेले के माध्यम से स्वदेशी उद्योगों एवं संस्कृति के विकास के लिए जनता में जागरूकता पैदा करने के लिए धार नगर में रतन बिजऩस हब पुराना डिपो परिसर में स्वदेशी मेले का आयोजन 10 से […]

Breaking News