परिवार के साथ गर्भगृह में की पूजा-अर्चना, मंदिर समिति ने किया सम्मान
उज्जैन, अग्निपथ। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे के साथ उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल को अपने दोनों बेटों के विवाह का आमंत्रण दिया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने गर्भगृह में पूजन-अभिषेक कर नंदी हॉल में ध्यान लगाया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह दोपहर करीब 2:30 बजे अपने परिवार के साथ श्री महाकाल मंदिर पहुंचे। पूजन के दौरान उन्होंने महाकाल भगवान से आशीर्वाद लेकर बेटे कुणाल और बेटे कार्तिकेय की शादी की पत्रिका उन्हें अर्पित किया। पूजन के पश्चात मंदिर समिति की ओर से चौहान और उनके परिवार का सम्मान किया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान महाकाल की कृपा और आशीर्वाद सब पर बना रहे। महाकाल सब का कल्याण करें। उन्होंने जब बुलाया तो भक्त चला आया। आज भगवान महाकाल को दोनों बेटों की शादी का सपरिवार निमंत्रण दिया है कि भगवान बेटों के विवाह में सपरिवार पधारें। बता दें कि शिवराज सिंह के दोनों बेटों, कुणाल और कार्तिकेय की शादी की तारीखें तय हो गई हैं। कुणाल की शादी 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर भोपाल में होगी, जबकि कार्तिकेय 5 और 6 मार्च को उदयपुर में शादी के बंधन में बंधेंगे।
14 फरवरी को है कुणाल सिंह की शादी
शिवराज सिंह चौहान के छोटे बेटे कुणाल सिंह की शादी 14 फरवरी वैलेंटाइन डे पर भोपाल में होगी। कुणाल सिंह चौहान की करीब 8 माह पहले सगाई हुई थी। भोपाल के जाने माने डॉक्टर इंद्रमल जैन की पोती रिद्धि जैन से कुणाल का रिश्ता हुआ है। रिद्धि के पिता का नाम संदीप जैन है। कुणाल और रिद्धि साथ में पढ़े हैं।
कुणाल और रिद्धि की सगाई समारोह की जो तस्वीरें भी सामने आई थी, उसमें पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान और जैन परिवार के सदस्य नजर आ थे। बेहद सादे तरीके से सगाई की रस्में पूरी की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 74 बंगला स्थित सरकारी आवास बी-8 के पीछे निशात कॉलोनी में उनकी होने वाली बहू का घर है।
5-6 मार्च को है कार्तिकेय सिंह की शादी
शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह की शादी 5-6 मार्च को उदयपुर में होगी। 12 मार्च को भोपाल में रिसेप्शन होगा। कार्तिकेय सिंह चौहान की अमानत बंसल से दिल्ली के एक होटल में सगाई हुई थी। इस कार्यक्रम में दोनों परिवारों को मिलाकर 50 लोग ही शामिल हुए थे।
कार्तिकेय का रिश्ता देश की जानी-मानी लिबर्टी शूज कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी से हुआ है। अनुपम बंसल की बेटी अमानत से बेटे का रिश्ता पक्का होने की जानकारी शिवराज ने सगाई के 1 महीने पहले ही दी थी। 17 अक्टूबर को सगाई की तारीख भी बताई थी। बता दें कि शिवराज सिंह चौहान के दो बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम कार्तिकेय है, जबकि छोटे बेटे का नाम कुणाल है। कुणाल राजनीति से दूर रहते हैं। जबकि बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान अपने पिता की तरह राजनीति में काफी सक्रिय हैं।