मल्लखंब के पदकों की बदौलत मेडल टैली में मध्यप्रदेश ने 5वें स्थान से तीसरे स्थान पर छलांग लगाई
उज्जैन, अग्निपथ। उत्तराखंड में चल रहे देश के सबसे बड़े खेल महाकुंभ नेशनल गेम्स में मध्य प्रदेश के मल्लखंब खिलाडिय़ों ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भी भारी उलटफेर करते हुए 5 स्वर्ण, 3 रजत तथा 2 कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। मल्लखंब खिलाडिय़ों द्वारा अर्जित 7 स्वर्ण पदकों की बदौलत मध्यप्रदेश ने मेडल टैली में राज्य केटेगिरी में 5वें स्थान से तीसरे स्थान पर छलांग लगाई।
उल्लेखनीय है कि नेशनल गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों द्वारा अर्जित कुल पदकों में मल्लखंब खिलाडिय़ों द्वारा अर्जित पदकों की संख्या सर्वाधिक है। महिला एवं पुरुष टीम द्वारा प्राप्त स्वर्णिम उपलब्धि को बनाए रखते हुए पुरुष वर्ग की ऑल राउंड चैंपियनशिप में कुंदन कछावा ने स्वर्ण पदक व देवेंद्र पाटीदार ने रजत पदक एवं महिला वर्ग की ऑल राउंड चैंपियनशिप में जैसिका प्रजापति ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया, वहीं पोल मल्लखंब की एपरेट्स चैंपियनशिप में भी महिला वर्ग में अनुष्का नायक एवं पुरुष वर्ग में प्रणीत यादव ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इसी स्पर्धा में रजत पदक भी मध्य प्रदेश के कुंदन कछावा ने जीता। रोप मल्लखंब की एपरेट्स चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में प्रणव कोरी ने स्वर्ण पदक तथा महिला वर्ग में सिद्धि गुप्ता ने कांस्य पदक प्राप्त किया। हैंगिंग मल्लखंब की एपरेट्स चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश के देवेंद्र पाटीदार ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
मध्य प्रदेश टीम ने यह उपलब्धि द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक विक्रम अवॉर्डी किशोरी शरण श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्राप्त की है। मध्य प्रदेश टीम की गौरवमई उपलब्धि पर इंटरनेशनल मल्लखंब अंपायर डॉ आशीष मेहता, विक्रम अवॉर्डी पंकज सोनी, वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रशिक्षक संतोष राठौर, लीलाधर कहार, शिवांश कौशल, श्वेता चौहान, राष्ट्रीय अंपायर वंदना जैन, ओसिन चौबे, दर्शनी त्रिपाठी ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया है।