उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भगवान महाकाल का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनका गनमैन भी नंदीहॉल तक पिस्टल सहित पहुंच गया। इसको भगवान महाकाल के प्रोटोकाल का उल्लंघन माना जा रहा है।
पूजा-अर्चना के बाद उमा भारती ने पंडित नेहरू की उद्योग नीति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसे अपनाने की सलाह दी। साथ ही, ग्लोबल समिट को सफल बनाने के सलाह दी। साथ ही, ग्लोबल समिट को सफल बनाने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग और तेज़ी से काम करने वाले अधिकारियों की जरूरत बताई।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती जिस समय गर्भगृह में भगवान महाकाल का दर्शन पूजन कर रही थीं। उस दौरान उनके साथ आये गनमैन ने भी भगवान महाकाल का दर्शन करने के लिये नंदीहॉल में प्रवेश किया और नंदी बाबा के पीछे से धोक लगाई। इस दौरान उनके कमर में लगी पिस्टल दृष्टिगोचर हो गई, जोकि किसी मीडियाकर्मी ने क्लिक कर ली।
ज्ञात रहे कि भगवान महाकाल के दरबार में (नंदीहॉल तक) किसी को भी गन अथवा पिस्टल ले जाने की अनुमति नहीं है। वह अपने साथ लाये हुए हथियार बाहर जमा करवाने के बाद ही भगवान महाकाल के दरबार तक पहुंच सकता है। इसको भगवान महाकाल के प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना जा रहा है।
नेहरू की औद्योगिक अवधारणा को शामिल करें
महाकाल दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने उद्योग विकास पर अपनी राय रखते हुए कहा कि देश में दो विकास मॉडल रहे हैं- एक पंडित नेहरू का, जो उद्योगों के विकास पर केंद्रित था, और दूसरा महात्मा गांधी का, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वावलंबन पर आधारित था। उन्होंने सुझाव दिया कि नए निवेशों में नेहरू की औद्योगिक अवधारणा को भी शामिल किया जाए।
उमा भारती ने कहा, हमें नेहरू और गांधी के विकास मॉडल का संतुलित मेल करना होगा। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में यह संतुलन दिखता है, उसी तरह अगर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इसे अपनाएं, तो एमओयू ज़मीन पर उतरेंगे और वास्तविक रूप से निवेश का लाभ मिलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए एलन मस्क पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीयों को इस तरह जबरन निकालना बेहद निंदनीय है, और इस पर एलन मस्क का हंसना शर्मनाक है। दुनिया के सबसे अमीर आदमी को दिमागी बीमारी है। भारतीयों के साथ जो अन्याय हुआ, वह न सिर्फ शर्मनाक बल्कि हिंसक भी था, उमा भारती ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा।
पूरी तरह लागू हो शराबबंदी
शराबबंदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से राज्य में संपूर्ण शराबबंदी लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू करने के बाद अब इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाना चाहिए। अब समय आ गया है कि महानगरों से लेकर ग्राम पंचायतों तक शराब पर पूरी तरह रोक लगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है, लेकिन इसे और व्यापक बनाना जरूरी है।