नंदी हॉल में बैठकर किया जाप, देहरी पूजन कर लिया महाकाल का आशीर्वाद
उज्जैन, अग्निपथ। फेमस पॉप सिंगर हनी सिंह शुक्रवार को महाकाल मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां नंदी हाल और फिर देहरी से भगवान महाकाल का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। दरअसल, हनी सिंह इंदौर में कॉन्सर्ट के लिए आए हुए हैं। इससे पहले वे भगवान महाकाल के आशीर्वाद के लिए उज्जैन पहुंचे।
हनी सिंह ने सबसे पहले नंदी हाल में बैठकर जाप किया। यश गुरु ने उनका पूजन सम्पन्न करवाया। पुजारी ने हनी सिंह को फूलों की माल अर्पित कर आशीर्वाद दिया। हनी सिंह का महाकाल मंदिर समिति की तरफ से सम्मान भी किया गया। संगीत निर्माता, रैपर, गायक, गीतकार हनी सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कई वर्ष से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेना चाहता था। आज बुलावा आया है। आना नहीं हो पा रहा था। आज बहुत अच्छे दर्शन हुए। इंदौर के कार्यक्रम की तैयारी पूरी है। हर हर महादेव कहते हुए हनी सिंह इंदौर के लिए रवाना हो गए।
16वें वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. पनगढिय़ा ने की महाकाल पूजा
16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढिय़ा ने शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चन किया। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ गर्भगृह में भगवान महाकाल का अभिषेक किया। मंदिर के पुजारी घनश्याम शर्मा ने पूजन विधि संपन्न कराई। पूजन के उपरांत डॉ. पनगढिय़ा ने नंदी हॉल में विराजमान नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही।
इस अवसर पर संभागायुक्त संजय गुप्ता ने मंदिर समिति की ओर से उनका विशेष सम्मान किया। उन्होंने डॉ. पनगढिय़ा को भगवान महाकाल का दुपट्टा, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट किए। इस दौरान कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, प्रशासक प्रथम कौशिक और सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल भी उपस्थित रहे। महाकाल के दर्शन के बाद वित्त आयोग अध्यक्ष का ने महालोक का भ्रमण किया और शक्तिपीठ हरसिद्धि माता मंदिर में दर्शन भी किये।