तलाक के लिए कोर्ट में केस चल रहा इसके बावजूद पति करता परेशान
उज्जैन, अग्निपथ। नागझिरी थाना क्षेत्र स्थित सिलाई कंपनी के समीप महिला पर उसके ही पति ने चाकूओं से जानलेवा हमला कर दिया। महिला पति की शराबखोरी और मारपीट के कारण दो साल से मायके में रह रही है। उसने कोर्ट में तलाक के लिए केस भी दायर कर रखा है। गंभीर घायल हालत में महिला को चरक अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने बताया इंदिरानगर की रहने वाली त्योति का सात साल पहले नलवा के रहने वाले राजकुमार पिता बाबूलाल मरमट से विवाह हुआ था। विवाह के बाद भी राजकुमार कोई काम धंधा नहीं करता था आवारा गर्दी और शराबखोरी करता था। पत्नी इसके लिए मना करती तो वह मारपीट करता और उस पर शक भी करता था। ज्योति की एक बेटी भी है।
पति की हरकतों के कारण परेशान होकर वह दो साल पहले मायके आ गई। यहां अपनी बेटी की पढ़ाई लिखाई और खर्च के लिए नागझिरी की गारमेंट कंपनी में नौकरी करती है। सोमवार सुबह जब महिला कंपनी में नौकरी के लिए जा रही थी इसी दौरान रास्ते में राजकुमार आया और उसे रोककर ससुराल चलने के लिए दबाव बनाया।
महिला ने ससुराल चलने से मना किया तो उसने चाकू से गर्दन और हाथ पर हमला कर दिया। महिला को चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को महिला ने बताया कि उसका तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है। इसके बावजूद वह परेशान करता है। पूर्व में उसकी सास की तबीयत खराब होने पर जब वह नलवा अपने ससुराल गई थी तब राजकुमार ने चाकू अडाकर उसे धमकाया था। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर राजकुमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।