दो मिनट तक चली हाथापाई, युवक ने खुद का बचाव किया
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित आगर नाके पर एक महिला ने पुरानी रंजिश के चलते युवक पर दरांतें से प्राणघातक हमला कर दिया। 1 मिनट में उसने करीब चार-पांच बार दरांते से वार किया। युवक ने खुद का बचाव करते हुए महिला को पकड़ लिया। 2 मिनट तक दोनों गुत्थम-गुत्था हुए। इसके बाद कुछ लोगों ने आकर बीच-बचाव किया। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर मामला जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया इकबाल पिता सादिक उम्र 31 वर्ष आर्किटेक्चर का प्राइवेट काम करता है। आगर नाके पर उसका ऑफिस है। शुक्रवार दोपहर करीब 12.30 बजे इकबाल ऑफिस से निकल रहा था और अपनी बाइक उठा रहा था इसी दौरान सामने से आरोपी महिला यास्मिन पति अखलाक आई और इकबाल पर ताबडतोड दरांते से हमला कर दिया।
पहला वार उसने गले पर किया लेकिन वो पीछे हट गया तो उसके कंधे पर चोंट लगी। इसके बाद उसने लगातार चार-पांच हमले किए। जिससे इकबाल के हाथ की अंगुली कट गई। कलाई में चोंट आई और पेट पर भी घाव हुए। बचाव करने के लिए इकबाल ने महिला का हाथ पकडने का प्रयास किया लेकिन वो लगातार वार करती रही।
इस पर इकबाल ने महिला को जैसे-तैसे कर पकडकर काबू किया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद कुछ लोग बीच-बचाव के लिए आगे आए। घायल इकबाल को पडोस में रहने वाले अरशद और युसूफ चरक अस्पताल लेकर आए। यहां उसका उपचार शुरू किया गया।
पुलिस ने वीडियो देखकर महिला के खिलाफ धारा 115 (2),118(1),296, 351(3),3 (3) की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया है। बताया जाता है कि इकबाल ने महिला के खिलाफ कुछ साल पहले पुलिस थाने पर आवेदन दिया था। जिसमें उसे अनैतिक धंधों में लिप्त बताया था। इसके बाद से महिला उस पर रंजिश पाले बैठी थी।