तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री ने कहा- सुन ले बेटा पाकिस्तान…बहुत मारेगा हिन्दुस्तान

तिरंगा यात्रा में अभूतपूर्व उत्साह, साधु-संत सहित मुस्लिम समाज के लोग भी हुए शामिल , लंबा जाम भी लगा

उज्जैन, अग्निपथ। सुन ले बेटा पाकिस्तान…बहुत मारेगा हिन्दुस्तान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अभिभाषण के बाद ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सीएम ने शहीद पार्क पर स्थित मंच पर आते ही कहा कि सुन ले बेटा पाकिस्तान… बहुत मारेगा हिन्दुस्तान। यह सीएम के यह बोलते ही भारत माता की जय से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने पाकिस्तानी सेना के छक्के छुड़ाए हैं, ये बदलते दौर का भारत है। धर्म पूछकर हत्या की, आतंकी चाहते थे कि हिंदू-मुस्लिम में हिंसा हो, लेकिन हमारे देश ने ऐसा नहीं होने दिया।

भगवान महाकाल, विक्रमादित्य की उज्जैन धरती है। भारतवर्ष गर्व करता है, ऐसी भूमि उज्जैन है। पहली बार भारत ने ऐसा रूप दिखाया है जोकि न तो भूतो न भविष्यति। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय जो पहले लागू हो जाना चाहिए थे, उनको प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लागू करवाया। जिसमें तीन तलाक और राम मंदिर का जो प्रसंग है, उसमें मुस्लिम भाइयों ने जो साथ दिया उनको स्वागत करता हूं। इस बार सारे देश ने जो एकजुट होकर एकता की मिसाल पेश की है।

वह प्रशंसा के योग्य है। इससे देश की आंतरिक ताकत बढ़ी है। भारतीय सेना को सम्मान एवं भारत सरकार को धन्यवाद के लिए तिरंगा यात्रा शहीद पार्क से प्रारंभ टावर, ब्रिज होते हुए चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट से होकर शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए हुई फव्वारा चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण पर समाप्त हुई।

मुस्लिम समाज बड़ा तिरंगा लेकर निकला

डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान फ्रीगंज स्थित श्री अखंड ज्योति हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। तिरंगा यात्रा में पुलिस बैंड, स्काऊट गाइड, बोहरा समाज का बैंड, एक बड़े ध्वज के साथ मुस्लिम समाज के लोग भी तिरंगा रैली में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में साधु संत से लेकर आम नागरिक अपने छोटे छोटे बच्चों को साथ लेकर शामिल हुआ।

तिरंगा यात्रा में तीन से चार रथ भी शामिल किये गये थे, जिसमें वृद्ध लोगों को स्थान दिया गया थाद्ध भव्य तिरंगा यात्रा को सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और जान प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की थी। तिरंगा यात्रा का यात्रा मार्ग में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जा रहा है।

हनुमान प्रसाद पेट्रोल पंप और मालीपुरा में हुआ जोरदार स्वागत

तिरंगा यात्रा जैसे ही फ्रीगंज पुल उतर कर हनुमान प्रसाद पेट्रोल पंप के सामने से निकली, यहां पर लगाये गये विभिन्न समाज और संस्था के मंचों से उन पर जोरदार पुष्प वर्षा की गई। यहां से तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों को ठंडे पानी की बोतलें भी बांटी जा रही थी। यही स्थिति मालीपुरा में भी रही। यहां पर भी मंच लगाकर तिरंगा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया।

गदापुलिया पर लंबा जाम, यातायात पुलिस ने संभाली कमान

गदापुलिया पर जहां एक ओर टाटा कंपनी द्वारा खुदाई कर गडढ खोद दिया है, वहीं दूसरी ओर तिरंगा यात्रा निकलने के कारण फ्रीगंज से पुराने शहर में प्रवेश करने का एकमात्र रास्ता गदापुलिया पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। यहां पर किसी तरह से यातायात पुलिस ने कमान संभालकर जाम की स्थिति से लोगों को निजात दिलाई, लेकिन कई लोग फिर से पलटकर वापस फ्रीगंज पुलिस से पुराने शहर में प्रवेश करते रहे।

नगर अध्यक्ष ने कहा- मंच के सामने आ जाओ, नहीं तो घर चले जाओ

तिरंगा यात्रा में भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल होने के लिये पहुंचे थे। शहीद पार्क पर बनाये गये मंच के एक किनारे पर भाजपा के कार्यकर्ता हाथों में झंडे लिये खड़े होकर बीच बीच में भारत माता की जय के नारे गुंजायमान कर रहे थे। यह देखकर भाजपा के नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने माइक में कहा कि एक ओर खड़े हुए लोग मंच के सामने आ जाएं….या अपने घर चले जाएं। यह सुनकर सभी कार्यकर्ता से वहां से हटकर लाइन में आकर खड़े हो गये।

शिक्षण संस्थाएं भी तिरंगा यात्रा में शामिल

भारत की आन बान शान और पाकिस्तान का मिटाऔ नामोनिशान को लेकर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से निकाली तिरंगा यात्रा में हमारे स्कूल संचालक साथी भी पूरे जोश खरोस के साथ शामिल हुए मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार एस एन शर्मा के नेतृत्व में दिनेश राज मनोज व्यास श्रीराम शर्मा मनोज व्यास मुस्ताक पटेल हाजी स्कूल संचालक शामिल थे।

Next Post

मोडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट जब्त, वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज भी नहीं मिले

Fri May 16 , 2025
कोठीरोड पर पुलिस ने वाहन चैकिंग के दौरान की कार्रवाई उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित कोठीरोड पर गुरुवार रात वाहन चैकिंग के दौरान पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगे दो बुलेट जब्त किए हैं। बुलेट चालकों के पास इन वाहनों के वैध दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके अलावा चालानी […]