वीडियो वायरल होने के बाद महापौर ने कहा कार्यवाही होगी, कंपनी को नोटिस देंगे
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के नए स्विमिंग पूल को हाल ही में शुरू किया है। जहां पर परिवार के साथ लोग स्विमिंग करने पहुंचते हैं। लेकिन, शनिवार को एक वीडियो यहां का वायरल हुआ है जिसमें कुछ लोग वहां हुक्का पीते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो ने यहां की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। महापौर ने इसके बाद पूल संचालन कंपनी को नोटिस देने की बात कही है।
शनिवार को वायरल हुए वीडियो के बारे में बताया कि वीडियो शाम 4.45 बजे बनाया है। इस दौरान कई लोग फैमिली को लेकर आए थे। पूल के एंट्री पॉइंट पर दो युवा हुक्का पी रहे थे। पूल पर हुक्का पीने का वीडियो 26 सेकेंड का है। इस वीडियो में नगर निगम के नए स्विमिंग पूल के इंट्री पॉइंट पर दो लोग हुक्का पीते हुए दिख रहे हैं।
इस दौरान वीडियो बनाने वाले ने इन लोगों द्वारा हुक्का पीने पर आपत्ति भी ली। वीडियो बनाने वाले ने इस पर आपत्ति ली तो उन्होंने कहा कि इसमें कोई बुराई नहीं। इसके बाद वीडियो बनाने वाले ने वहां मौजूद उस कर्मचारी से नाम पूछा जिसके सामने हुक्का पी रहे थे। उसने अपना नाम साहिल बताया।
तीन साल के लिये ठेके पर दिया है निगम ने: करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से बना नगर निगम का स्विमिंग पूल को निगम प्रशासन ने निजी कंपनी को तीन साल के लिए ठेके पर दिया है। इसका संचालन रामा कृष्णा इंटरप्राइजेस नामक कंपनी कर रही है। इसे 31 मार्च 2025 को आम लोगो के लिए खोला गया था। इस मुद्दे पर महापौर मुकेट टटवाल ने कहा कि उन्होंने भी वीडियो देखा है। वे इसके लिऐ संचालन कंपनी को नोटिस जारी करेंगे।