तापमान 20 दिन बाद फिर 40 पार

अब 10 दिन नवतपा जैसा रहेगा मौसम

शाजापुर, अग्निपथ। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम की ठंडक शनिवार को गायब रही। इस दिन लोगों का उमस व गर्मी से बुरा हाल हो गया। मौसम विभाग की माने तो आगामी 10 दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश जरूर हो सकती है, लेकिन इसकी भी संभावना न के बराबर है। 14 जून तक तापमान भी ऐसा ही रहने की संभावना है।

गौरतलब है नवतपा सहित पूरे मई माह में मौसम कभी गर्म रहा तो कभी बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली हुई थी और तापमान भी 40 डिग्री से कम दर्ज किया जा रहा था। हालात ये थे कि लोगों ने कूलर-एसी से भी दूरी बना ली थी। लेकिन शनिवार से मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिलने लगी।

जिससे लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो गया। दोपहर में तो लोग अपने घरों से भी निकलने से बचते नजर आए, जिससे बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन दिन और रात दोनो तापमान में उछाल आया। इस दिन अधिकतम तापमान 41.2 तथा न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। जिसके कारण लोगों को छातों और गमछो के सहारे दिन गुजारना पड़ा।

एक सप्ताह में तापमान का उतार-चढ़ाव

दिन             अधिकतम            न्यूनतम
1 जून              37.8                  24.4
2 जून             37.3                   24.5
3 जून             35.2                   23.8
4 जून             35.4                   23.7
5 जून              36.5                  22.3
6 जून              38.1                  23.0
7 जून              41.2                  25.7

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

20 के बाद मानसून की आमद

मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि कम से कम 10 दिन मौसम खुला रहेगा। इस दौरान तापमान 40 डिग्री से अधिक ही बना रहेगा। हो सकता है तापमान बढऩे से कहीं-कहीं हल्की बौछार या बूंदाबादी हो, लेकिन इससे गर्मी का असर कम नहीं होगा। 15 जून तक ही बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 15 या 16 जून से प्री-मानसून शुरू हो जाएगा ओर 20 या 22 जून तक मानसूनी बारिश शुरू होने की संभावना है।