चरक अस्पताल में राजनीतिक नूराकुश्ती के चलते हटाया, सीएमएचओ डॉ. पटेल संभालेंगे कार्य
उज्जैन, अग्निपथ। चरक अस्पताल में 8 माह पूर्व पदस्थ सिविल सर्जन डॉ. अजय दिवाकर को इस पद से सोमवार को हटा दिया गया। सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल अब सिविल सर्जन का प्रभार भी देखेंगे। उनको हटाये जाने की समाचार आने के बाद उनके विरोधियों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने जमकर आतिशबाजी कर जश्र मनाया।
सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अजय दिवाकर को 1 अगस्त 2024 को सिविल सर्जन के पद पर बैठाया गया था। उन्होंने ऐसे कर्मचारी जोकि कार्य में लापरवाही बरत रहे थे और अपने कर्तव्य स्थल से गायब हो जाते थे, नकेल कसी थी। उनकी इस कार्यप्रणाली से चरक अस्पताल के कई कर्मचारी नाराज थे, यहां तक कि डॉक्टर्स भी इनसे नाराज रहते थे। हालांकि उन्होंने इस बात को कभी भी प्रकट नहीं किया। लेकिन उनके पीछे और गलती पकडऩे के लिये सभी तत्पर रहते थे।
अस्पताल के ही एक राजनीतिक गुट से भी उनकी दूरी बनी हुई थी। वह भी चाह रहे थे कि उनकी रवानगी शीघ्र हो। सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल से भी उनकी नहीं बनने की बात सामने आ रही थी। यही कारण रहा कि उनकी रवानगी इतने कम समय में हो गई।
अब बनेगी जुगलबंदी, ली जाएगी परेड
डॉ. अशोक पटेल और इस राजनीतिक नेता की जुगलबंदी स्वास्थ्य विभाग में जगजाहिर है। जब से डॉ. दिवाकर सिविल सर्जन बने थे, तभी से इस नेता की चरक अस्पताल में बखत कम हो गई थी। वह चाहता था कि चरक अस्प्ताल में भी डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ की बैठक ले और अपना वर्चस्व बनाकर रखे। उसकी कोशिश आखिरकार रंग लाई और सिविल सर्जन डॉ. दिवाकर को उनके पद से हटा दिया गया। उनका तबादला सिविल सर्जन डिंडोरी किया गया।
सीएमएचओ आफिस के बाहर पटाखे फोडक़र मनाई खुशी
सिविल सर्जन का प्रभार सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल को सौंप दिया गया है। समाचार सुनने के बाद रोगी कल्याण समिति सदस्य अभय विश्वकर्मा, माधव नगर अस्पताल प्रभारी डॉ. विक्रम रघुवंशी सहित अस्पताल के कई कर्मचारीगण सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे और डॉ. पटेल को सिविल सर्जन की बधाई देते हुए प्रांगण में ढोल ढमाकों के साथ जमकर आतिशबाजी की।