पति ने दुल्हन और उसे लेने आई महिलाओं को कमरे में बंद कर पुलिस बुलाई
उज्जैन, अग्निपथ। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिछड़ोद में एक चौेंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक युवक ने शादी के दो दिन बाद अपनी पत्नी को पुलिस के हवाले कर दिया। युवक का आरोप है कि शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी हुई और उसकी नई नवेली दुल्हन भागने की फिराक में थी। युवक ने उसकी पत्नी और उसे लेने के लिए आने वाली महिलाओं को कमरे में बंद कर पुलिस बुलाई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिछडोद के रहने वाले 35 वर्षीय संजय बैरागी की शादी नहीं हो रही थी। संजय के मौसा ने उन्हें इंदौर और आसपास की कुछ लडकियों के बारे में बताया। संजय अपने परिवार के साथ बडवाह गया, जहां उसे दो लडकियां दिखाई गई। उनमें से इंदौर के लक्ष्मणपुरा में रहने वाले भावना मराठे उसे पसंद आ गई। भावना ने वीडियो कॉल पर संजय का घर देखा और शादी के लिए हां कह दिया।
11 हजार ऑनलाइन और 1.80 हजार शादी वाले दिन लिए
शादी तय होनेेेे के बाद भावना के परिवार वालों ने गाड़ी से आने के नाम पर संजय से 11 हजार रुपए ऑनलाइन मंगवाए। 16 जून को भावना तीन लोगों के साथ गांव आई। शादी के पहले भी उन्होंने 1.80 लाख रुपए नकद लिए। जिसका वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद गांव के मंदिर में शादी कराई गई।
पति से दूरी बनाए रखी, फोन पर बोली दम घुट रहा, यहां से ले चलो
शादी की पहली रात भावना ने संजय को तबीयत खराब होने का और फिर पीरियड आने का बोलकर दूरी बनाए रखी। संजय को शक हुआ तो उन्होंने नजर रखना शुरू किया। 18 जून की रात भावना किसी महिला स फोन पर बात करते हुए बोली कि यहां उसका दम घुट रहा है। मुझे यहां से ले चलो। महिला ने संजय को कहा कि उसे इंदौर छोड़ दो। अगली सुबह दो महिलाएं इंदौर से आई और भावना को लेकर जाने लगी। संजय और उसके परिवार ने उन्हें रोका तो विवाद करने लगी। इस पर संजय ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को बुला लिया।