उज्जैन रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक के दोनों पैर कटे

रेलवे लाइन रेल सफर

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रतलाम निवासी 40 वर्षीय युवक गलत ट्रेन में चढ़ने के बाद घबराहट में चलती ट्रेन से उतरने लगा, जिससे वह संतुलन खोकर पटरियों के बीच आ गया और उसके दोनों पैर कट गए। घायल को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।

गलती से चढ़ गया था दूसरी ट्रेन में

जीआरपी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम के ग्राम कोड़ाक्षेत्री निवासी शंभू मेढ़ा मजदूरी का काम करता है। रविवार रात करीब 1:30 बजे उसे रतलाम जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन वह गलती से इंदौर-हावड़ा एक्सप्रेस में चढ़ गया। जब उसे अहसास हुआ कि ट्रेन गलत है, तो उसने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गति पकड़ चुकी ट्रेन से छलांग लगाने की कोशिश की। इस दौरान वह सीधे पहियों की चपेट में आ गया।

इंदौर रेफर, परिजनों को सौंपा

जीआरपी के कॉन्स्टेबल गौतम ने बताया कि गंभीर रूप से घायल शंभू को तुरंत चरक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर के एमवाय (MY) अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ तीन लोग और भी थे, लेकिन हादसे के समय क्या हुआ उसे पूरी तरह याद नहीं है। पुलिस ने अस्पताल पहुँचे परिजनों को घायल की सुपुर्दगी दे दी है।

विवाहिता की मौत: जहर खाने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

उज्जैन, अग्निपथ। आगर जिले के ग्राम खेकरिया की रहने वाली एक नवविवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। 20 वर्षीय भावना ने शुक्रवार को अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसका उज्जैन के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। रविवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

10 महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, आगर जिले के बड़ियाखेड़ी की रहने वाली भावना पिता हरिनारायण की शादी करीब 10 महीने पहले खेकरिया निवासी अंबाराम से हुई थी। अंबाराम तनोड़िया में मोबाइल की दुकान चलाता है। शुक्रवार को भावना किसी बात से नाराज थी और उसने जहर खा लिया। ससुराल पक्ष के लोग उसे गंभीर हालत में उज्जैन लाए थे।

मामले की जांच शुरू

सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। चूँकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा है, इसलिए पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। फिलहाल जहर खाने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस परिजनों और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है।

Next Post

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों में बड़ा फेरबदल: अब प्लेटफॉर्म 8 पर आएंगी 9 प्रमुख ट्रेनें

Mon Feb 9 , 2026
यात्री सुविधाओं का अभाव उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर  मंगलवार (10 February 2026) से प्लेटफॉर्मों के निर्धारण में बड़ा बदलाव लागू हो गया है, जिसका सीधा असर माधवनगर रेलवे स्टेशन (फ्रीगंज साइड) पर देखने को मिलेगा। यार्ड रिमॉडलिंग के बाद अब प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर दबाव कम करने के […]
ujjain railway station

Breaking News