चालक गंभीर घायल, रांग साइड था कार चालक ,केस दर्ज, वीडियो वायरल
उज्जैन, अग्निपथ। महिदपुर के काजीखेड़ा पेट्रोल पंप के सामने तेज स्पीड एसयूवी कार और ट्रैक्टर के बीच आमने सामने की भिडंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर बॉडी दो भागों में बंट गई। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन चालक गंभीर घायल है।ट्रैक्टर में मौजूद दो लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे काजीखेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर चालक अपनी साइड से चल रहा था। इसी दौरान सामने से एक तेज स्पीड एसयूवी कार एक अन्य वाहन को ओवर टेक करते हुए आई और ट्रैक्टर को सामने से टक्कर मार दी। हादसा होते ही ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और वह दो भागों में बंट गया अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में ट्रैक्टर चालक के हाथ पैरों में चोंट आई है। सूचना मिलने पर मौके पर एंबुलेंस पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया।
