महिदपुर रोड से लापता नाबालिग उत्तर प्रदेश से बरामद, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, अग्निपथ। महिदपुर रोड क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के ग्राम मंडोर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अपहरणकर्ता युवक को गिरफ्तार कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी के विरुद्ध अपहरण के साथ-साथ दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

लोकेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश पहुँची पुलिस टीम

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी को बालिका के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री सुबह 4 बजे से घर से लापता है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान बालिका की लोकेशन मऊ, चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) में मिली। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम तत्काल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हुई।

आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम मंडोर से आरोपी आकाश त्रिपाठी पिता सनत त्रिपाठी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से बालिका को मुक्त कराया। उज्जैन लाने के बाद बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य कड़ी धाराओं का समावेश किया है। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी जानकारी मिल सके।

Next Post

आयशर से टकराया वाहन, ढाबा संचालक ने घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुँचाकर बचाई जान

Wed Feb 25 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के तुलाहेड़ा टोल नाके के समीप बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में हरियाणा का एक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना उस समय हुई जब आगे चल रहे एक आयशर वाहन का पहिया अचानक फट गया। पीछे से हरी सब्जियां भरकर आ रहा […]
हादसे

Breaking News