सीहोर, अग्निपथ। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की स्थितियों ने पूरी दुनिया में तेल और गैस का गंभीर संकट पैदा कर दिया है। इस वैश्विक आपात स्थिति को देखते हुए सीहोर जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने केंद्र सरकार को महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए एक ज्ञापन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने देश में ऊर्जा बचाने हेतु कड़े कदम उठाने की मांग की है।
पंकज शर्मा ने बताया कि ईरान एक प्रमुख तेल उत्पादक देश है और वैश्विक तेल व्यापार का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा फारस की खाड़ी के ‘हॉर्मुज रूट’ से होकर गुजरता है। युद्ध के कारण इस मार्ग के प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते एहतियाती कदम नहीं उठाए गए, तो भारत को भी गंभीर ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ सकता है।
“आईपीएल” को बताया ऊर्जा की बर्बादी, रद्द करने की मांग
ज्ञापन में पंकज शर्मा ने आगामी आईपीएल (IPL) को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आईपीएल कोई ऐसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं है जिसे टाला न जा सके। गर्मी के इस मौसम में मैदानों के रखरखाव के लिए करोड़ों लीटर पानी की बर्बादी होती है और रात्रि के समय होने वाले मैचों में अत्यधिक बिजली का उपभोग होता है। देशहित और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस ‘खेल तमाशे’ पर रोक लगनी चाहिए ताकि जनता को जल और बिजली संकट से राहत मिल सके।
सरकारी कार्यालयों में प्राकृतिक रोशनी के उपयोग पर जोर
पंकज शर्मा ने सुझाव दिया कि सभी सरकारी कार्यालयों में एसी, कूलर और लिफ्ट के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। इसके स्थान पर खिड़कियां और रोशनदान खोलकर प्राकृतिक रोशनी और हवा का अधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि वे इन सुझावों को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रखें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करवाएं।
