इंदौर एयरपोर्ट से अब आबूधाबी की उड़ान, 24 घंटे खुला रहेगा देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल

इंदौर, अग्निपथ। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस रविवार से नया समर शेड्यूल लागू होने जा रहा है। अगले छह महीनों के लिए प्रभावी होने वाले इस शेड्यूल में यात्रियों के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि 1 अप्रैल से इंदौर एयरपोर्ट एक बार फिर से 24 घंटे खुला रहेगा, जिससे देर रात की उड़ानों का संचालन सुचारू रूप से शुरू हो सकेगा।

शारजाह की जगह अब आबूधाबी का सफर

नए शेड्यूल के तहत एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी अंतरराष्ट्रीय सेवा में बदलाव का प्रस्ताव दिया है। अब शारजाह उड़ान के रूट को बदलकर आबूधाबी के लिए अनुमति ली गई है। हालांकि, वर्तमान में पश्चिम एशिया के हालातों के कारण यह उड़ान अस्थायी रूप से प्रभावित है, लेकिन सेवा शुरू होते ही इंदौर के यात्रियों के लिए आबूधाबी का सीधा मार्ग खुल जाएगा। इसके साथ ही, इंडिगो द्वारा पुणे के लिए देर रात की उड़ान को दोबारा शुरू किया जा रहा है, जो रात ढाई बजे इंदौर पहुँचेगी।

नवी मुंबई और जलगांव के लिए नई कनेक्टिविटी

समर शेड्यूल में इंदौर को दो नए शहरों की कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। पहली बार नवी मुंबई एयरपोर्ट और जलगांव के लिए सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं। फ्लाई 91 कंपनी जलगांव रूट पर अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। हालांकि, इंडिगो ने नासिक, उदयपुर, जोधपुर और जम्मू जैसे कुछ पुराने रूट्स को फिलहाल बंद कर दिया है। ट्रैवल एजेंटों का मानना है कि भविष्य में मांग बढ़ने पर एयरलाइंस इन रूट्स को पुनः शुरू कर सकती हैं। फिलहाल दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित 16 प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें जारी रहेंगी।

Next Post

मासूम के अपहरण मामले में 13 दोषियों को कठोर कारावास, 4 को मिला आजीवन कारावास

Fri Mar 27 , 2026
सीहोर, अग्निपथ। इछावर थाना क्षेत्र में 10 फरवरी 2024 को एक 7 वर्षीय मासूम बालिका के सनसनीखेज अपहरण मामले में माननीय न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। सफेद कार में सवार होकर आए बदमाशों ने पानी मांगने के बहाने बालिका का घर के बाहर से अपहरण कर लिया था। पुलिस […]