उज्जैन में सनसनीखेज हत्याकांड: गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या कर फंदे पर लटकाया, आरोपी पति गिरफ्तार

Ladki Fansi

उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के अशोकनगर में 15 मार्च को हुई एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला अब एक रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड के रूप में सामने आया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस हृदयविदारक घटना में आरोपी ने न केवल अपनी पत्नी की जान ली, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे सात माह के मासूम शिशु की मौत का भी जिम्मेदार बना।

आत्महत्या की रची थी झूठी कहानी

घटनाक्रम के अनुसार, 15 मार्च को अशोकनगर में निर्मला पति मायापुरी का शव बाथरूम में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। उस समय आरोपी पति मायापुरी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई थी। उसने बताया था कि निर्मला कुछ दस्तावेजों के काम से गुना जाना चाहती थी, लेकिन काम की व्यस्तता के कारण उसने मना कर दिया। पति का दावा था कि इसी बात से नाराज होकर उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने तब मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था और पति ने बिना किसी बाधा के अंतिम संस्कार भी कर दिया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज

लगभग 13 दिनों के बाद जब पुलिस के पास पोस्टमार्टम रिपोर्ट पहुंची, तो मामले ने नया मोड़ ले लिया। थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि निर्मला की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला दबाने (स्ट्रैंगुलेशन) के कारण हुई थी। हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटकाया गया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया और देर शाम आरोपी पति को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

संतान की चाहत बनी मौत की वजह

पूछताछ में हत्या की जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। आरोपी मायापुरी एक निजी मैरिज गार्डन में कैटरिंग और चौकीदारी का काम करता है। जांच में पता चला कि निर्मला सात माह की गर्भवती थी और वह संतान चाहती थी। इसके विपरीत, मायापुरी अभी बच्चा नहीं चाहता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते उसने अपनी गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।

पहचान छिपाने की भी की थी कोशिश

आरोपी ने न केवल हत्या की, बल्कि पुलिस को निर्मला के मायके के बारे में भी गलत जानकारी दी थी। उसने बताया था कि निर्मला सुसनेर की रहने वाली है और उसे उसके माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आया कि वह गुना की रहने वाली थी। गौरतलब है कि दोनों ने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। यह एक अंतरजातीय विवाह था, जिसमें निर्मला अनुसूचित जाति वर्ग से थी और आरोपी पिछड़ा वर्ग से है। पुलिस अब मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Next Post

उज्जैन में एमडी ड्रग्स के साथ महिला तस्कर समेत चार गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े हैं तार

Thu Apr 9 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पंवासा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंवासा मल्टी और गरोठ बायपास क्षेत्र से एक महिला तस्कर और उसके साथी को गिरफ्तार कर उनके पास से 55 ग्राम एमडी […]

Breaking News