दुष्कर्म का फरार आरोपी दूल्हा बनने से पहले ही पहुंचा जेल, मेहंदी लगे हाथों में लगी हथकड़ी

बड़नगर, अग्निपथ। पुलिस ने दुष्कर्म के एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जो अपराध करने के बाद फरार होकर दूल्हा बनकर शादी रचाने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 अप्रैल 2026 को एक फरियादी ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री के संबंध में सूचना दी थी। शिकायत के अनुसार, अभिषेक सेन (23 वर्ष) पिता सतीश चंद्र सेन, निवासी शिक्षक कॉलोनी बड़नगर ने बालिका को डरा-धमका कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिससे बालिका 3 माह की गर्भवती हो गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बड़नगर पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पाक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल एक टीम गठित की गई। इस बीच सूचना मिली कि आरोपी अभिषेक बड़े ही धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ घोड़ी पर चढ़कर रतलाम जिले के एक गांव में शादी करने पहुंचा है। जैसे ही पुलिस को इस बात की भनक लगी, उन्होंने तत्काल वधू पक्ष के परिवार को दूल्हे की करतूतों के बारे में सूचित किया। सच्चाई सामने आते ही शादी रुक गई और बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई।

शादी टूटने के बाद से अभिषेक फरार बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 10 अप्रैल 2026 को उसे धरदबोचा। आरोपी के हाथों में लगी मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी कि पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। न्यायालय के आदेश पर अब आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Next Post

परीक्षा दे रहे छात्रों पर मधुमक्खियों का खूनी हमला, मासूम रमन की मौत

Fri Apr 10 , 2026
नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर सोयतकला के विवेकानंद राष्ट्रीय विद्यालय में शुक्रवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब परीक्षा दे रहे मासूम बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में कक्षा चौथी के 9 वर्षीय छात्र रमन की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि […]

Breaking News