खाराकुआ क्षेत्र में नाबालिग का अपहरण: आरोपी ने बुर्का पहनाकर घर में छिपाया

पुलिस ने घेराबंदी कर छुड़ाया

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के खाराकुआ थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 13 वर्षीय मासूम बालिका को क्षेत्र का ही एक मुस्लिम युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और पहचान छिपाने के लिए उसे बुर्का पहनाकर अपने घर में रखा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घेराबंदी की और महज कुछ ही घंटों के भीतर बालिका को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को दबोच लिया।

आधी रात को थाने पहुँचे परिजन, पुलिस ने शुरू की तलाश

खाराकुआ थाना प्रभारी लक्ष्मणसिंह देवड़ा ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे 13 वर्षीय बालिका के माता-पिता बदहवास हालत में थाने पहुँचे थे। उन्होंने पुलिस को अपनी बेटी के अचानक लापता होने की जानकारी दी। शुरुआती तौर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन रात 1 बजे परिजनों ने दोबारा थाने पहुँचकर अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, भैरवगढ़ क्षेत्र में मिली लोकेशन

पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की मदद से अहम सुराग हाथ लगा। फुटेज के आधार पर बालिका की अंतिम लोकेशन भैरवगढ़ क्षेत्र में दिखाई दी। इसी सुराग का पीछा करते हुए पुलिस टीम ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे भैरवगढ़ क्षेत्र में दबिश दी। वहां पुलिस ने आरोपी सैयद जुनेद पिता जावेद अली (19 वर्ष) के घर के पास से ही बालिका को बरामद कर लिया। आरोपी जुनेद भैरवगढ़ के उहेल रोड स्थित मदरसे के पीछे का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।

बुर्के में मिली बालिका, धर्म परिवर्तन के दबाव की आशंका

जब पुलिस टीम ने बालिका को दस्तयाब किया, तो वह बुर्का पहने हुई मिली। आरोपी जुनेद ने उसकी पहचान छिपाने और उसे गुपचुप तरीके से रखने के उद्देश्य से उसे बुर्का पहना दिया था। बालिका को इस हालत में देख पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया होगा। थाना प्रभारी के अनुसार, इस गंभीर बिंदु पर भी बारीकी से जांच की जा रही है कि क्या आरोपी का इरादा केवल अपहरण तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

स्नैपचैट पर दोस्ती और फिर अपहरण की साजिश

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी जुनेद और 13 वर्षीय बालिका की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘स्नैपचैट’ के माध्यम से हुई थी। स्नैपचैट पर हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोपी ने बहला-फुसलाकर मासूम को घर से बुला लिया और उसे अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी जुनेद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

Next Post

उज्जैन में देर रात सनसनी: 12वीं के छात्र को सरेराह मारी गोली, खून से लथपथ हालत में खुद पहुंचा थाने

Sun Apr 12 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज थाना क्षेत्र स्थित ढांचा भवन इलाके में शनिवार रात करीब 12 बजे गोली चलने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हमले में 12वीं कक्षा का एक 18 वर्षीय छात्र घायल हुआ है, जिसके पैर में गोली लगी है। हैरान कर देने वाली बात यह […]

Breaking News