उज्जैन: महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी को बड़ा झटका, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल

महिदपुर, अग्निपथ। उज्जैन जिले की महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। क्षेत्र के कई गांवों के दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ताओं ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आमडी, बैजनाथ और भीमाखेड़ा के प्रमुख बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से असंतुष्ट होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम को क्षेत्र में बीजेपी के लिए एक बड़ी सेंधमारी के रूप में देखा जा रहा है।

शिव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ली शपथ

महिदपुर के शिव मंदिर परिसर, काजी खेड़ा में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम में इन कार्यकर्ताओं को कांग्रेस परिवार में शामिल किया गया। महिदपुर विधायक दिनेश जैन बॉस के नेतृत्व में और जिला कांग्रेस अध्यक्ष व विधायक महेश परमार की गरिमामयी उपस्थिति में, लगभग 20 प्रमुख साथियों ने विधिवत कांग्रेस की सदस्यता ली और पार्टी के प्रति निष्ठा की शपथ ली।

कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत

इस अवसर पर नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष और तराना विधायक महेश परमार ने कांग्रेस परिवार में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि कांग्रेस हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उन्हें उचित मान-सम्मान दिया जाएगा।

महिदपुर विधायक दिनेश जैन बॉस ने इस घटनाक्रम पर खुशी जताते हुए कहा कि कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा से प्रभावित होकर ये साथी हमारे साथ आए हैं। उन्होंने कहा, “हम इन सभी साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।”

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिला पंचायत प्रतिनिधि जीतू मंडोरा, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश बगाना, शहर अध्यक्ष सगीर बैग, और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरुण बुरड शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व सरपंच मनजीत सिंह सिसोदिया ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Breaking News