ऑनलाइन ठगी पर नलखेड़ा पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक

साइबर सेल की सतर्कता से सुरक्षित हुई पीड़ित की मेहनत की कमाई

नलखेड़ा, अग्निपथ। साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नलखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित किसान की ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में की गई इस प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित के 99 हजार 800 रुपये होल्ड करा दिए गए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी को क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करने वाले कदम के रूप में देखा जा रहा है।

किसान से हुई थी ऑनलाइन धोखाधड़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गोठड़ा निवासी त्रिलोकचंद पिता सिद्धनाथ पाटीदार ऑनलाइन वित्तीय ठगी के शिकार हो गए थे। पीड़ित ने तुरंत नलखेड़ा थाने पहुंचकर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना कोई समय गंवाए शिकायत को तत्काल साइबर सेल को भेजा और तकनीकी जांच शुरू कराई।

कोलकाता के बैंक खाते में राशि कराई गई होल्ड

साइबर टीम ने त्वरित तकनीकी विश्लेषण करते हुए ठगी की राशि के ट्रांजैक्शन को ट्रेस किया। जांच में पाया गया कि ठगी गई रकम बंधन बैंक की बैलियागंज शाखा, कोलकाता के एक खाते में ट्रांसफर की गई है। पुलिस ने तुरंत संबंधित बैंक प्रबंधन से संपर्क साधकर खाते में जमा 99 हजार 800 रुपये की पूरी राशि को होल्ड करवा दिया। समय रहते कदम उठाने से पीड़ित का पैसा डूबने से बच गया।

न्यायालय ने बैंक को दिए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश

राशि सुरक्षित होने के बाद मामले में विधिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। इस संबंध में न्यायालय द्वारा जारी आदेश के तहत संबंधित बैंक को सभी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं को पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट के आगामी आदेशों के अनुसार होल्ड कराई गई राशि पीड़ित के मूल खाते में वापस कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

समय पर दी गई सूचना से टला बड़ा नुकसान

वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच पुलिस की यह सक्रियता अत्यंत सराहनीय मानी जा रही है। थाना प्रभारी शशि उपाध्याय ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। आमजन को चाहिए कि किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी होने पर तुरंत पुलिस या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। समय पर मिली जानकारी से ठगों तक पहुंचने और राशि सुरक्षित कराने में आसानी होती है। नलखेड़ा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में जागरूकता का संदेश गया है।

Next Post

सुसनेर: स्वास्थ्य के साथ हो रहा बड़ा खिलवाड़; बेखौफ चल रहा मिलावटी दूध का कारोबार

Wed Sep 9 , 2026
सुसनेर, अग्निपथ। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर बेचे जा रहे सिंथेटिक दूध को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। आगर कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व में वाहन चेकिंग के दौरान एक यात्री बस से जब्त किया गया नकली दूध बनाने का केमिकल और पाउडर सुसनेर के गांवों […]

Breaking News