महाशिवरात्रि पर बनेगा 21 लाख दीयों का रिकार्ड

18 फरवरी को होगा आयोजन, तैयारियों की पहली बैठक आयोजित

उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 18 फरवरी लगातार दूसरे साल ‘शिव ज्योति अर्पणम्’कार्यकम आयोजित कर दीपोत्सव मनाया जायेगा। अयोध्या में दीप प्रज्वलन का रिकार्ड ब्रेक करने के लिए इस बार उज्जैन में 21 लाख दीये प्रज्वलित करने की योजना है। दीपोत्सव के लिये शुक्रवार को कालिदास अकादमी के पं.सूर्यनारायण व्यास संकुल में सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में निर्णय लिया गया कि जन-सहभागिता से इस कार्यक्रम का सफल बनाया जायेगा। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि इस आयोजन में किसी तरह की चूक न हो, हमें सावधानीपूर्वक आगे बढऩा होगा। उन्होंने कहा कि 21 लाख दीये जलाकर रिकार्ड स्थापित करने के साथ-साथ महाशिवरात्रि के अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिये अच्छा प्रबंधन हो, यह भी सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने इसके लिये शहर में टेन्ट सिटी के कॉसेंप्ट को लागू करने की बात कही।

डॉ.यादव ने इन्दौर में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तरह उज्जैन में भी होम-स्टे का प्रयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पवित्र भाव से उज्जैन आने वालों का स्वागत किस तरह किया जाये इस पर विचार करना आवश्यक है। डॉ.यादव ने कहा कि दीपोत्सव पर रामघाट एवं महाकाल लोक क्षेत्र में बनने वाले ब्लॉक्स का नाम द्वादश ज्योतिर्लिंग के नाम पर करने का सुझाव अच्छा आया है, इसको लागू किया जाना चाहिये।

बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि दीपोत्सव के आयोजन की आज से शुरूआत हो गई है। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं की ओर से सुझाव आये हैं, जिन पर अमल किया जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि यह आयोजन भव्यतम तरीके से कैसे हो, इस पर निरन्तर कार्य होगा।

बैठक में महापौर मुकेश टटवाल, पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, आयुक्त नगर निगम रोशन सिंह, एडीएम संतोष टैगोर, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक, विवेक जोशी, महंत डा. रामेश्वरदास, सुरेंद्रसिंह अरोरा, राजेन्द्र भारती, शिवेंद्र तिवारी, सत्यनारायण खोईवाल, राजेन्द्र शर्मा, संजय अग्रवाल, प्रकाश शर्मा, जगदीश पांचाल, वीरेंद्र कावडिय़ा, रजत मेहता, गब्बर भाटी, रूप पमनानी, किशोर खंडेलवाल, योगेश्वरी राठौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक में आए ये सुझाव

  • शिव ज्योति अर्पणम् कार्यक्रम को एक निर्धारित समय पर शुरू करने के लिये एक समान पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम लागू करने व सायरन बजाने की बात कही गई।
  • दीपोत्सव के लिये रामघाट के साथ-साथ चौरासी महादेव मन्दिरों को भी शामिल किया जाये।
  • महिलाओं के लिये पृथक से ब्लॉक बनाते हुए उनके लिये आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाये।
  • दीपोत्सव के लिये एक सिग्नेचर गीत बनाने एवं सभी वार्डों में मंगल गीत कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।
  • दीपोत्सव के लिये आवश्यक सामग्री के लिये जन-सहयोग लेने की बात भी कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री की, कब्जे के लिए सुरंग खोदी

Fri Jan 27 , 2023
कोर्ट के आदेश पर एफआईआर इंदौर, अग्निपथ। प्लॉट पर कब्जा करने के लिए इंदौर के एक पूर्व पार्षद और उसके परिवार ने उसके नीचे सुरंग ही बना डाली। इतना ही नहीं महिला बाउंसर के माध्यम से गुंडागर्दी करने लगे। प्लॉट पर कब्जा करने के इस मामले में पूर्व पार्षद के […]
न्यायालय

Breaking News