खुद को आईपीएस बताकर आयकर विभाग में नौकरी के नाम पर सात लाख की ठगी, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

भोपाल, अग्निपथ। राजधानी में खुद को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) का अधिकारी बताकर युवाओं को आयकर विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने वाले एक फर्जी अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एमपी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को उसके किराए के मकान से हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे आधा दर्जन से अधिक युवाओं को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है।

प्रतिनियुक्ति का झांसा देकर ऐंठे सात लाख रुपये

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित देवांश प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान मीरा कॉम्प्लेक्स निवासी ऋषि कुमार यादव से हुई। आरोपी ने स्वयं को आईपीएस अधिकारी बताते हुए कहा कि वह वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर आयकर विभाग की खुफिया शाखा में पदस्थ है। उसने आयकर विभाग में सीधी भर्ती कराने का प्रलोभन देकर पीड़ित से सात लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने नौकरी के भरोसे में आकर विभिन्न किस्तों में पूरी रकम हस्तांतरित कर दी।

पैसे वापस मांगने पर टालमटोल और पुलिस में शिकायत

रकम ऐंठने के बाद जब काफी समय बीत जाने पर भी नौकरी नहीं मिली, तो पीड़ित ने अपनी राशि वापस मांगी। इस पर आरोपी टालमटोल करने लगा। इसी बीच पीड़ित को पता चला कि आरोपी ने अन्य कई युवाओं को भी इसी प्रकार झांसे में लेकर लाखों रुपये ऐंठे हैं। ठगी का अहसास होते ही पीड़ितों ने एमपी नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

झांसी का रहने वाला है शातिर जालसाज

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मीरा कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट पर दबिश देकर मूल रूप से शक्ति नगर, झांसी निवासी अडतीस वर्षीय ऋषि कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की कुल राशि तथा अन्य पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

Next Post

सड़क हादसे की आड़ में हत्या की साजिश का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

Tue Sep 1 , 2026
सुसनेर, अग्निपथ। पुलिस ने सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए इसे हत्या की सुनियोजित साजिश करार दिया है। पुरानी रंजिश के चलते 5 लाख रुपये में एक्सीडेंट कराने का सौदा करने वाले कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत […]

Breaking News