मक्सी, अग्निपथ। औद्योगिक क्षेत्र मक्सी के फेस-2 में पवन चक्की प्लांट के समीप सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। एक वाहन के बिजली के पोल से टकराने के बाद खंभा वहां से गुजर रही तीन महिलाओं पर जा गिरा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरंडवा निवासी श्यामूबाई पति ईश्वरलाल मालवीय (60) की हादसे में मृत्यु हो गई। वहीं राधाबाई पति बाबूलाल (65) तथा कलाबाई पति सीताराम मालवीय (50) दोनों निवासी बरंडवा घायल हुई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया।
बताया गया कि तीनों महिलाएं झरनेश्वर महादेव मंदिर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक काले रंग के वाहन ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल महिलाओं के ऊपर जा गिरा, जिससे श्यामूबाई की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मक्सी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल वाहन का नंबर तथा दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

