उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर रसूख के दम पर निर्माण जारी रहने के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला चिमनगंज मंडी के पीछे मोहन नगर रोड का है, जहां एक अनाज व्यापारी द्वारा गोदाम के पिछले हिस्से में दो दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर (बीआई) को कथित तौर पर सत्तापक्ष के एक स्थानीय नेता का फोन आने के बाद कार्रवाई किए बिना ही लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार चिमनगंज मंडी के अनाज व्यापारी कैलाशचंद्र मारू द्वारा अपने गोदाम के पिछले हिस्से में दो दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। यह हिस्सा मोहन नगर रोड की ओर खुलता है। निर्माण को लेकर शिकायत मिलने पर नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर शिवम गुप्ता मौके पर स्थिति देखने पहुंचे थे। इसी दौरान निर्माण स्थल के संचालक ने मोबाइल फोन पर क्षेत्र में रहने वाले सत्तापक्ष के एक नेता से उनकी बात कराई। आरोप है कि नेता ने बीआई को निर्माण हटाने से मना कर दिया। इसके बाद निगम अधिकारी बिना कार्रवाई किए लौट गए।
पहले भी तोड़ चुका है नगर निगम
इस स्थान पर अवैध निर्माण का मामला नया नहीं है। कुछ महीने पहले भी व्यापारी द्वारा मंडी के पीछे इसी हिस्से में दुकानें बनाने का प्रयास किया गया था। उस समय नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और निर्माण को तोड़ दिया था। इसके बावजूद एक बार फिर उसी स्थान पर दो दुकानों का निर्माण शुरू कर दिया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पहले कार्रवाई होने के बाद दोबारा निर्माण कैसे शुरू हो गया और निगम का अमला इसे रोकने में क्यों नाकाम रहा?
व्यापारी बोला- मेरी जमीन पर हो रहा निर्माण
मामले में अनाज व्यापारी कैलाशचंद्र मारू से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि यह जमीन उनके गोदाम की है और वे अपनी जमीन पर ही निर्माण करवा रहे हैं। जब मंडी बोर्ड को कोई आपत्ति नहीं है तो नगर निगम को आपत्ति क्यों होना चाहिए? उन्होंने यह भी बताया कि इसी क्षेत्र में रहने वाले सत्तापक्ष के नेता से उनकी बात करवा दी गई है। व्यापारी का कहना है कि इस लाइन में पीछे की ओर अन्य दुकानें भी बनी हुई हैं।
अब सवाल यह है कि यदि निर्माण वैध है तो उसके संबंध में स्वीकृत नक्शा और अनुमति क्या है? वहीं यदि निर्माण अवैध है तो पूर्व में तोडऩे के बावजूद दोबारा निर्माण शुरू होने पर नगर निगम क्या कार्रवाई करेगा? सिंहस्थ की तैयारियों के नाम पर आम नागरिकों के अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं, ऐसे में रसूखदारों के निर्माण पर भी समान कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
पीछे की ओर बुलेट शोरूम का निर्माण
इसी लाइन में मोहन नगर रोड की ओर एक बुलेट शोरूम का निर्माण भी किया गया है। बताया जा रहा है कि दो मंजिला इस शोरूम का मुख्य द्वार मंडी परिसर की ओर होना चाहिए, लेकिन इसका प्रवेश द्वार पीछे की ओर बनाया गया है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि यहां अनाज व्यवसाय के लिए निर्धारित स्थान पर शोरूम संचालित करने की तैयारी है। फिलहाल यह मामला मंडी सचिव के पास लंबित बताया जा रहा है। लंबे समय से मामला लंबित होने के कारण शोरूम के निर्माण और उपयोग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

