उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के प्रसिद्ध कालभैरव मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और दर्शन के दौरान हो रही असुविधाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। प्रशासन के निर्णय के अनुसार सोमवार शाम से जेल चौराहे से कालभैरव मंदिर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब मंदिर पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को गढ़कालिका मंदिर और मोजमखेड़ी मार्ग का उपयोग करना होगा।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर पहुंचकर दर्शन और आवागमन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन मार्ग पर मैट बिछाने, तेज धूप से बचाव के लिए शेड नेट लगाने, स्पष्ट दिशा-निर्देशों के लिए साइनेज बोर्ड लगाने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दैनिक भास्कर ऐप पर श्रद्धालुओं की परेशानियों से जुड़ी खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने और शनिवार शाम मंदिर प्रबंधन द्वारा 500 रुपये की विशेष दर्शन टिकट व्यवस्था बंद किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष दर्शन काउंटर बंद
मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है, जिसके कारण सामान्य दर्शनार्थियों के साथ-साथ 500 रुपये का शुल्क देकर विशेष टिकट लेने वाले श्रद्धालुओं को भी घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा था। अव्यवस्था की स्थिति को देखते हुए शनिवार शाम मंदिर प्रबंधन ने विशेष दर्शन टिकट काउंटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक मंदिर में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ बनी रहेगी, तब तक यह विशेष टिकट व्यवस्था बंद रहेगी। श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य होने के बाद ही इस व्यवस्था को पुनः शुरू करने पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
गढ़कालिका मंदिर मार्ग और मोजमखेड़ी मार्ग से पहुंच सकेंगे श्रद्धालु
आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत कालभैरव मंदिर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर निर्माण और विकास कार्य प्रारंभ किए गए हैं। मंदिर के भैरवगढ़ जेल की ओर स्थित हिस्से में भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसी निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा और सुगमता की दृष्टि से सोमवार शाम से जेल चौराहे से मंदिर तक का मार्ग बंद किया जा रहा है।
इसके स्थान पर श्रद्धालु अब गढ़कालिका मंदिर मार्ग और मोजमखेड़ी मार्ग से होकर मंदिर तक पहुंच सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी प्रमुख चौराहों और रास्तों पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों की सटीक जानकारी मिल सके और उन्हें भटकना न पड़े।
नदी किनारे बने नए रैंप से होगी श्रद्धालुओं की निकासी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टेढ़े-मेढ़े दर्शन मार्ग और निर्माणाधीन निकासी मार्ग का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने जानकारी दी कि क्षिप्रा नदी के पास श्रद्धालुओं के बाहर निकलने के लिए एक नया वैकल्पिक रैंप तैयार किया गया है। इस रैंप का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और आगामी एक-दो दिनों में यहां से श्रद्धालुओं की निकासी शुरू कर दी जाएगी। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकेंगे और श्रद्धालुओं का आवागमन भी सुचारू बना रहेगा।
प्रतिदिन पहुंच रहे हैं 2 लाख श्रद्धालु
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों की वजह से दर्शन व्यवस्था किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उज्जैन शहर में प्रतिदिन लगभग 2 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें से एक बड़ी संख्या कालभैरव मंदिर में भी दर्शन करने आती है।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक, उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी और तहसीलदार शेफाली जैन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
