उज्जैन, अग्निपथ। आगामी सिंहस्थ 2028 के ऐतिहासिक आयोजन को भव्य और सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का बड़ा रोडमैप पेश किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 118 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक पंचकोशी मार्ग पर आने वाले सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम घोषित कर उनका सुनियोजित विकास किया जाएगा। इसके साथ ही उज्जैन जिले के बोरेश्वर-दंगवाड़ा, गजनी खेड़ी और रुणीजा जैसे गांवों को भी ग्रामीण पर्यटन से जोड़ा जाएगा।
शहर में होटल व्यवसाय को गति देने के लिए एक विशेष सिंगल विंडो केंद्र स्थापित करने और नए होटलों के निर्माण पर पर्यटन विकास निगम द्वारा 30 प्रतिशत तक अनुदान देने का निर्णय लिया गया है।
होटल व्यवसायियों के लिए खुलेगा सिंगल विंडो केंद्र
उज्जैन के एक निजी होटल में उज्जैन और इंदौर के प्रमुख होटल व्यवसायियों के साथ वन-टू-वन संवाद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें धर्मनगरी में निवेश के लिए प्रेरित किया। व्यवसायियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्होंने कहा कि होटल व्यवसाय से जुड़ी समस्त अनापत्ति प्रमाण पत्र और अनुमतियां एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के लिए एक स्पेशल सेल का गठन किया जाएगा। यह सेल सिंगल विंडो प्रणाली की तरह कार्य करेगा, जिससे निवेशकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ बेहद निकट है, इसलिए इस दिशा में किसी भी प्रकार का विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में लगभग 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। इतने विशाल जनसमूह के ठहरने, भोजन और अन्य प्रबंधन के लिए सरकार के साथ-साथ समाज और निजी क्षेत्र को भी आगे आकर सहयोग करना होगा। उन्होंने व्यवसायियों से आह्वान किया कि वे आगामी आवश्यकताओं को देखते हुए आधुनिक होटल, टेंट सिटी और होमस्टे का निर्माण करें।
आतिथ्य क्षेत्र में हो रही अभूतपूर्व वृद्धि का उल्लेख करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2016 के सिंहस्थ में उज्जैन में होटलों के कमरों की संख्या मात्र 570 थी, जो वर्ष 2028 तक बढ़कर 16,500 तक पहुंच जाएगी। हालांकि, संभावित भीड़ को देखते हुए इसे और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है।
बदलती उज्जैन की तस्वीर और अधोसंरचना विकास
कार्यक्रम के प्रारंभ में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दूरदर्शी विजन से उज्जैन का चहुंमुखी विकास हो रहा है। श्रद्धालुओं के सुगम स्नान के लिए शिप्रा तट पर लगभग 30 किलोमीटर लंबे नए घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, सिलार खेड़ी परियोजना के माध्यम से शिप्रा के स्वच्छ जल से ही सिंहस्थ स्नान कराने का संकल्प फलीभूत हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के बाद देश और दुनिया को एक बिल्कुल नया और दिव्य उज्जैन देखने को मिलेगा।
जनप्रतिनिधियों और उद्योग जगत की गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजेश धाकड़, रवि वर्मा, अमित श्रीवास्तव तथा विजय खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में होटल व्यवसायी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

