नृसिंह घाट पर दो मिनट में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई हरकत
उज्जैन, अग्निपथ। धर्मधानी उज्जैन में पुलिस की लगातार सख्ती और गश्त के दावों के बावजूद आपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला महाकाल थाना क्षेत्र का है, जहां दो दिन पहले हुई एक दुस्साहसिक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि दो शातिर बदमाश महज दो मिनट के भीतर एक पुजारी की शर्ट की जेब से करीब 80 हजार रुपये कीमत का कीमती मोबाइल फोन बड़ी सफाई से चुराकर रफूचक्कर हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने हाथ में ली हुई थैली का इस्तेमाल किया और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दे दिया।
पूजा का सामान खरीदने गए थे पीड़ित पुजारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित राजेश पुजारी अपने बेटे के साथ नृसिंह घाट स्थित एक दुकान पर गए थे। उनका बेटा भी पंडिताई का कार्य सीख रहा है और उसी सिलसिले में दोनों आश्रम के पास पूजा-पाठ का आवश्यक सामान खरीदने पहुंचे थे। राजेश पुजारी ने बताया कि उन्होंने लगभग डेढ़ महीने पहले ही 80 हजार रुपये का नया मोबाइल फोन खरीदा था, जिसे उन्होंने अपनी शर्ट की सामने वाली जेब में सुरक्षित रखा हुआ था। लेकिन दुकान पर पहुंचते ही दो अज्ञात बदमाशों की नजर उनके कीमती फोन पर पड़ गई।
घेराबंदी कर थैली की आड़ में निकाला मोबाइल
पीड़ित राजेश पुजारी के अनुसार, जब वे दुकान पर सामान देख रहे थे, तभी दो संदिग्ध युवक उनके बिल्कुल करीब आकर खड़े हो गए। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें चारों तरफ से घेर लिया ताकि आसपास के लोगों को उनकी गतिविधियों पर शक न हो। इसी दौरान मौका पाकर एक शातिर आरोपी ने अपने हाथ में पकड़ी हुई कपड़े की थैली को पुजारी की जेब के आगे अड़ाया और थैली की आड़ लेकर बेहद सफाई से उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल निकाल लिया।
कैमरे में घूरता दिखा बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
यह पूरी दुस्साहसिक वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल हो रहे फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी जेब कतरी करते हुए कैमरे की ओर देखता भी है। इसके तुरंत बाद दोनों बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकलने में सफल रहे। मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग गया है।
फुटेज के आधार पर दोनों शातिर आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद कर लिया जाएगा।

