दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा की बड़ी कार्रवाई, पूरी जिला इकाई और मंडल-मोर्चा भंग

समीक्षा रिपोर्ट के बाद प्रदेश नेतृत्व का बड़ा फैसला

भोपाल, अग्निपथ। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली पराजय के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जिले में संगठनात्मक स्तर पर कड़ा कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने दतिया जिला कार्यकारिणी सहित सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागीय इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की अनुशंसा के आधार पर की गई है। इस फैसले के बाद जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों को पदमुक्त कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में बनी सहमति

उपचुनाव के नतीजों पर मंथन करने के लिए 4 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री निवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और मंत्री राकेश शुक्ला मौजूद रहे। बैठक में समीक्षा समिति की रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद संगठन में व्यापक पुनर्गठन का निर्णय लिया गया। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि जिले में संगठन का ढांचा अब नए सिरे से तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस प्रत्याशी ने दर्ज की थी जीत

दतिया विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव के परिणाम 3 अगस्त को घोषित हुए थे। इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से पराजित किया। चुनाव में घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 60,741 मत आए। यह सीट राजेंद्र भारती को फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। लगातार दूसरी बार मिली इस हार के बाद पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरे जिला संगठन को भंग करने का फैसला लिया है।

Next Post

मक्सी की बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम

Tue Aug 4 , 2026
मक्सी, अग्निपथ। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के मक्सी नगर की दो होनहार बेटियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर इतिहास रच दिया है। उज्जैन में आयोजित एक भव्य और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ब्यूटी एवं फैशन शो में मक्सी की इन प्रतिभाओं ने अपनी कला का ऐसा जादू चलाया कि पूरा हॉल […]

Breaking News