एनआरआई समिट में आमजन के वाहनों को नो एंट्री

वीवीआईपी, अतिथियों की पार्किंग के लिए आठ कैटेगरी, आम लोगों की आवाजाही भी जानें

इंदौर, अग्निपथ। 8 से 10 जनवरी तक तीन दिनी प्रवासी भारतीय सम्मेलन व 11 और 12 जनवरी को होने वाली दो दिनी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के लिए प्रारंभिक तौर पर रुट चार्ट और पार्किंग प्लान तैयार हो गया है। पांच दिनी इस आयोजन में इस बार पार्किंग के लिए आठ कैटेगरी बनाई गई है। इसमें वीवीआईपी को छोडक़र बाकी सभी के वाहनों के लिए ‘क्क’ सीरीज के स्टिकर होंगे।

पार्किंग प्लान के तहत वीवीआईपी (प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गयाना व सूरीनाम के राष्ट्रपति व अन्य) की प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान ब्रिलियन्ट कन्वेंशन सेंटर परिसर के अंदर तक एंट्री रहेगी।वीआईपी के लिए पी-1 स्टिकर रहेंगे। इनकी पार्किंग हॉर्स राइडिंग ग्राउंड पर रहेगी। यहां 80 वाहन पार्क हो सकेंगे। मीडिया के लिए पी-2 स्टिकर होंगे। इनकी पार्किंग बीएसएनएल ऑफिस के पीछे रहेगी। यहां भी 80 वाहन पार्क हो सकेंगे। डेलिगेट्स के लिए सेंटर के पास स्पेशल पार्किंग रहेगी और इनके स्टिकर पी-3 होंगे। यहां 1300 से ज्यादा वाहन पार्क हो सकेंगे।

2 हजार बड़े वाहनों के लिए ऐसी रहेगी व्यवस्था

इसी तरह आर्गेनाइजर्स के लिए पी-4 स्टिकर होंगे तथा पार्किंग सेंटर के ओरा बिल्डिंग के पास रहेगी। यहां करीब 100 वाहन पार्क होंगे। अधिकारियों के लिए पी-5 स्टिकर होंगे तथा पार्किंग सेंटर की ओरा बिल्डिंग के पास रहेगी। यहां 180 वाहन पार्क हो सकेंगे। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के स्टाफ की पार्किंग के लिए पी-6 स्टिकर होंगे तथा पार्किंग विकास होटल के पास रहेगी। यहां अधिकतम 30 वाहन पार्क होंगे। एग्जीबिशन से जुड़े लोगों की पार्किंग के लिए पी-7 स्टिकर होंगे तथा इनकी पार्किंग विबग्योर के सामने रहेगी। यहां 200 से ज्यादा वाहन पार्क हो सकेंगे।

109 सीसीटीवी कैमरों से पार्किंग पर नजर

ऐसे ही इन पार्किंग स्थलों पर 109 सीसीटीवी कैमरे से नजर रहेगी। इन पार्किंग स्थलों पर पुरुषों के लिए करीब 40 और महिलाओं के 20 टॉयलेट रहेंगे। खास बात यह कि सेंटर के बाहर पेट्रोल पंप के पास एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम के जरिए 600 सीसीटीवी कैमरों की लाइव रिकॉर्डिंग देखी जा सकेगी। इनमें से 300 कैमरे सेंटर और उसके आसपास, डोम, पार्किंग आदि में लगे हैं जहां से हर पल मॉनिटरिंग होगी। तीन सौ कैमरे सेंटर से एयरपोर्ट तक लगे हैं। ये सभी निगरानी में रहेंगे।

यहां रहेगा वीआईपी का मूवमेंट

वीआईपी का मूवमेंट एयरपोर्ट से गांधी नगर चौराहा, टीसीएस, लवकुश चौराहा, चंद्रगुप्त मौर्य चौराहा व दीनदयाल उपाध्याय चौराहा (बापट) से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर रहेगा। आयोजन के बाद वापस लौटने के लिए भी एयरपोर्ट का रुट यही करेगा। इस 20 किमी से ज्यादा के लंबे रुट में हजारों पुलिसकर्मी व्यवस्था के लिए तैनात रहेंगे।

राजबाड़ा, 56 दुकान, खजराना भी नो-व्हीकल जोन

  • एयरपोर्ट से बिजासन, गांधी नगर चौराहा, सुपर कॉरिडोर, लव-कुश चौराहा, एमआर-10 होते हुए ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर (बीसीसी) तक लेफ्ट लेन सामान्य ट्रैफिक के लिए प्रतिबंधित है।
  • सुपर कॉरिडोर से एमआर 10 तक 5 से 12 जनवरी तक माल-वाहक और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।
  • सांवेर से भारी माल वाहन शिप्रा से बायपास होते हुए शहर में आ-जा सकेंगे।
  • एयरपोर्ट से शहर की ओर आने-जाने वाले वाहन कालानी नगर, वायरलेस-टी से मरीमाता चौराहा से आ-जा सकेंगे।
  • सांवेर तरफ आने वाले चार पहिया और दो पहिया का एमआर-10 तरफ प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वे सीधे बाणगंगा एवं एयरपोर्ट की ओर जा सकेंगे। इसी तरह बाणगंगा से सीधे सांवेर तरफ जा सकेंगे।
  • उज्जैन आने-जाने वाले वाहन मरीमाता, बाणगंगा, लवकुश चौराहा होते हुए चलेंगे।
  • बसों का रेडिसन चौराहा की ओर आना-जाना प्रतिबंधित होगा। ये बसें व्हाइट चर्च, पीपल्याहाना होते हुए बिचौली मर्दाना की ओर से शहर में आ-जा सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सम्मेलन बुलाकर सीईओ नदारद, जिला पंचायत सदस्यों ने किया बहिष्कार

Tue Jan 3 , 2023
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिला पंचायत की व्यवस्थाओं पर जताया आक्रोश उज्जैन, अग्निपथ। जिला पंचायत में मंगलवार को अजीब स्थिति बन गई। जिला पंचायत की सीईओ अंकिता धाकरे ने साधारण सम्मेलन बुलाया और वे खुद ही इस सम्मेलन से नदारद रही। जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य सभी सदस्य काफी देर […]

Breaking News