राष्ट्रपति ने दिल्ली में किया पुरस्कृत
उज्जैन, अग्निपथ। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश भर में एक नया इतिहास रच दिया है। शहर ने कचरे को केवल ठिकाने लगाने की पुरानी सोच को पीछे छोड़ते हुए उसे उपयोगी उत्पादों और कमाई का एक बेहतरीन जरिया बना दिया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है । बुधवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। यह गौरवशाली सम्मान महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।
मंदिर के फूलों से अगरबत्ती-हर्बल गुलाल, गीले कचरे से बिजली उत्पादन का नवाचार
उज्जैन की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे नगर निगम के कई अनूठे नवाचारों की अहम भूमिका रही है। शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में अर्पित होने वाले फूलों से अगरबत्ती, धूपबत्ती और हर्बल गुलाल बनाया जा रहा है। पवित्र घाटों पर छोड़े गए पुराने वस्त्रों से पर्यावरण के अनुकूल पेपर बैग तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा, निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे को प्रोसेस कर मजबूत पेवर ब्लॉक बनाए जा रहे हैं।
सब्जी मंडियों और बड़े संस्थानों के गीले कचरे से बायोमेथेनेशन प्लांट में बिजली का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे शहर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
24 घंटे में तीन बार सफाई
शहर में दिन और रात मिलाकर कुल 3 बार सफाई की जाती है। पुरानी डंपिंग साइटों से 1.47 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर वहाँ सुंदर उद्यान विकसित किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई करते हुए वित्तीय वर्ष में 5536 चालान बनाए गए और 24 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस सफलता का पूरा श्रेय शहरवासियों, सफाई कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों को दिया है।
दिल्ली में मिला ईनाम, उज्जैन में मना जश्न
