दिल्ली में मिला ईनाम, उज्जैन में मना जश्न

उज्जैन, अग्निपथ। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उज्जैन को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।

इस उपलब्धि से शहर का गौरव बढऩे के साथ नगर निगम के स्वच्छता अभियान को भी राष्ट्रीय पहचान मिली है। बुधवार शाम नगर निगम मुख्यालय में इस उपलब्धि का जश्न ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच मनाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

नगर निगम मुख्यालय स्थित परिषद हॉल में दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। जैसे ही उज्जैन को देश में प्रथम स्थान मिलने की घोषणा हुई, निगम परिसर खुशी से झूम उठा। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने सफाई मित्रों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। आतिशबाजी कर भी इस उपलब्धि का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में मौजूद सफाई मित्रों के चेहरों पर शहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की खुशी साफ दिखाई दी।

सफाई मित्रों की मेहनत को मिला सम्मान

इस उपलब्धि के पीछे नगर निगम के सफाई मित्रों और स्वच्छता कर्मियों की दिन-रात की मेहनत को अहम माना जा रहा है। शहर की सडक़ों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने से लेकर कचरा संग्रहण और उसके निष्पादन तक निगम के अमले ने लगातार काम किया। निगम मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, पंकज चौधरी, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त संजेश गुप्ता, मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे, जोनल अधिकारी सुनील जैन, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास सहित निगम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे।

जश्न खत्म होते ही सफाई में जुटे कर्मवीर

इस आयोजन का सबसे खास दृश्य उस समय देखने को मिला, जब जीत का जश्न समाप्त होते ही सफाई मित्रों ने फिर अपनी जिम्मेदारी संभाल ली। आतिशबाजी और उत्सव के दौरान निगम मुख्यालय परिसर में फैले कचरे को सफाई मित्रों ने तत्काल एकत्रित करना शुरू कर दिया। कुछ देर पहले जिस परिसर में ढोल-नगाड़े बज रहे थे और आतिशबाजी हो रही थी, वहां सफाई मित्र झाड़ू और कचरा संग्रहण के साथ व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए।

कचरे से उत्पाद बनाकर उज्जैन स्वच्छता में नंबर-1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कचरे से उत्पाद बनाकर उज्जैन स्वच्छता में नंबर-1

Wed Nov 11 , 2026
राष्ट्रपति ने दिल्ली में किया पुरस्कृत उज्जैन, अग्निपथ। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश भर में एक नया इतिहास रच दिया है। शहर ने कचरे को केवल ठिकाने लगाने की पुरानी सोच को पीछे छोड़ते हुए उसे उपयोगी उत्पादों और कमाई का एक बेहतरीन जरिया […]