क्राइम ब्रांच पुलिस टीम बताकर बदमाशों ने किया युवक का अपहरण, बेल्ट से पीटा, लूटकर छोड़ा

300 रूपए नगद छीने और 5500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर के बाहर फूल प्रसाद की दुकान पर काम करने वाले एक युवक को शनिवार शाम तीन युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का पुलिस टीम बताकर दबोच लिया।वे उसे घेरकर लालपुल के पास ले गए और बेल्ट से उससे मारपीट की। उन्होंने 300 रुपए नगद छीन लिए और 5500 रुपए ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। नीलगंगा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।

नानाखेड़ा के समीप अक्षयनगर में रहने वाला शिवम पिता दिलीप प्रजापत (23) महाकाल मंदिर के बाहर फूल प्रसाद की दुकान पर काम करता है। 31 अक्टूबर की शाम वह दोस्त नकुल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोनों हरिफाटक ब्रिज के पास गोल्डन पेट्रोल पंप पर रुके। यहां एक्सेस वाहन से तीन युवक आए। उन्होंने शिवम को बताया कि वें क्राइम ब्रांच से हैं और सूचना मिली है कि तुम एमडी ड्रग्स बेचते हो।

शिवम ने इंकार किया तो उसे दो युवकों ने अपने वाहन पर बैठा लिया। एक युवक नकुल की बाइक पर बैठा। दोनों को लालपुल दरगाह के पास सूनसान इलाके में ले गए। यहां शिवम की लात-घूसों व बेल्ट से पिटाई की।

वीडियो बनाया

शिवम ने पुलिस को बताया कि स्वयं को क्राइम ब्रांच पुलिस बताने वाले बदमाशों ने पिटाई के बाद मोबाइल से वीडियो भी बनाया। पिटाई होने के कारण मजबूरी में कबूल किया कि मैं एमडी ड्रग्स बेचता हूं। आगे से ड्रग्स नहीं बेचूंगा। उन्हीं में से एक युवक ने शिवम के पेंट की जेब से पर्स निकालकर उसमें रखे 300 रुपए ले लिए। दूसरे युवक ने अपने खाते में 5500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद तीनों बदमाश अपने वाहन से भाग गए।

पिता व दोस्त के साथ पहुंचा थाने: वारदात के बाद शिवम भयभीत था वह जैसे तैसे अपने घर पहुंचा। पिता को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। रविवार को दोस्त नकुल व पिता के साथ थाने पहुंचकर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
पुलिस ने मामला जांच में लिया है। गोल्डन पेट्रोल पंप से लेकर घटना स्थल तक सीसीटीवी फुटेज चेक कर बदमाशों की तलाश कर रहे हैं।

वृद्धा को केवाइसी कराने का झांसा देकर 47 हजार की ऑनलाइन ठगी

उज्जैन। दुर्गा कॉलोनी में रहने वाली एक वृद्धा से केवायसी अपडेट का झांसा देकर 47 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। इसकी रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई गई।

पुलिस ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी की रहने वालीं मीनाक्षी खन्ना (64) के मोबाइल पर अनजान व्यक्ति का कॉल आया था। सामने वाले ने स्वयं को यूको बैंक का अधिकारी बताया और कहा कि आपकी केवायसी अपडेट करना है अन्यथा खाता बंद हो जायेगा। मीनाक्षी खन्ना उसकी बातों में उलझ गई। प्रोसेस के दौरान मोबाइल पर ओटीपी आया, जिसे उन्होंने सामने वाले को बता दिया।

कुछ देर बाद उनके खाते से 22 हजार रुपए कट गए। दोबारा कॉल आने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने तब सामने वाले से कहा मैं आपकी धोखाधड़ी समझ गईं हूं और बैंक आकर जानकारी दूंगी, लेकिन कुछ ही देर में उनके खाते से 27 हजार रुपए और निकल गए। उन्होंने सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन में होटल सॉलिटेयर के माखन भोग रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित

Mon Nov 2 , 2026
किचन में गंदगी, खुले डस्टबिन और फूडवेस्ट चेंबर भरा मिला उज्जैन। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जंतर-मंतर […]

Breaking News