किचन में गंदगी, खुले डस्टबिन और फूडवेस्ट चेंबर भरा मिला
उज्जैन। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जंतर-मंतर रोड स्थित होटल सॉलिटेयर के माखन भोग रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां किचन और स्टोरेज में जगह-जगह गंदगी, खुले डस्टबिन में गीला कचरा और मच्छर पाए गए। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी गंभीर कमियां मिलीं। अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने लोकहित और जनस्वास्थ्य के मद्देनजर रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
किचन से लेकर स्टोरेज तक मिलीं अनियमितताएं
खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण में किचन के रेफ्रिजरेटर और कुकिंग प्लेटफॉर्म के निचले तथा पिछले हिस्सों में कचरा और गंदगी जमा मिली। कुकिंग एरिया में खुले डस्टबिन रखे थे, जिनमें गीला कचरा और मच्छर पाए गए। स्टोरेज एरिया में कच्ची खाद्य सामग्री और फ्रिज के बीच स्थापित फूडवेस्ट चेंबर भी कचरे से भरा मिला।
इसके अलावा खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन नहीं होना पाया गया। कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। रेस्टोरेंट में पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। कच्ची और तैयार खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
बटर के नाम पर इस्तेमाल हो रहा था वेजिटेबल फैट स्प्रेड
निरीक्षण के दौरान एक और महत्वपूर्ण अनियमितता सामने आई। रेस्टोरेंट में बटर के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड का उपयोग किया जा रहा था। विभागीय टीम ने मौके से बटर, पनीर और रिफाइंड सनफ्लावर ऑयल के नमूने लिए हैं। सभी कमियों और जनस्वास्थ्य पर संभावित प्रभाव को देखते हुए माखन भोग रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित किया गया।
शहर से लेकर तहसीलों तक लिए खाद्य पदार्थों के नमूने
त्योहारों के मद्देनजर विभाग ने शहर के साथ तहसील क्षेत्रों में भी नमूना कार्रवाई की। कनकमल फूलचंद दाल एंड बेसन, मक्सी रोड से चना दाल, चना बेसन और मटर आटे के नमूने लिए गए। बाफना नमकीन, डाबरी पीठा से मलाई पेड़ा, मावा कतली, मैसूर पाक और नमकीन सेव के नमूने लिए गए। भगवती डेयरी एंड स्वीट्स, पंवासा से मावा, मावा रोल और मिल्क केक तथा सोनू रेस्टोरेंट, पंवासा से मावा बर्फी और नमकीन पपड़ी के नमूने लिए गए।
महिदपुर तहसील के ग्राम घोसला में श्री बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन से मावा बर्फी और आकाश सोनपपड़ी के नमूने, न्यू कुमरावत रेस्टोरेंट से कोटा फ्रेश सोनपपड़ी, श्री ऋषभ नमकीन से नमकीन तथा सूरज ट्रेडर्स से बेसन का नमूना लिया गया। इसी तरह घट्टिया तहसील के ग्राम बिछड़ौद में श्रीकृष्ण नमकीन एंड मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी और सेव के नमूने लिए गए। राखी ट्रेडर्स से हीरा मोती मैदा, हीरा मोती रवा और सांची घी के नमूने लिए गए।

