गुम मोबाइल मिलने 49 लोगों के चेहरे पर आई खुशी

सराहनीय: छह माह में गुम हुए आठ लाख के मोबाइल 15 दिन में तलाशे
उज्जैन,अग्निपथ। मोबाइल गुम होने के बाद मिलना आसान नहीं है, लेकिन एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल के प्रयासों से छह माह में गुम हुए महंगे 49 मोबाइल बुधवार को उनके मालिकों के हाथ में पहुंच गए। खास बात यह है कि 8.84 लाख के यह मोबाइल मात्र 15 दिन में तलाशे गए हैं। नाउम्मीद हो चुके लोगों ने मोबाइल पुन: मिलने पर पुलिस की  प्रशंसा की।
एसपी शुक्ल ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों को देखते हुए मुहिम शुरू की थी। एसपी के आदेश पर आईटी सेल ने आधुनिक तकनीक से छह माह में गुम हुए मोबाइल की सूची बनाकर तलाशना शुरू किया। थानों में पदस्थ पुलिस की मदद से उन्होंने मात्र 15 दिन में 54 मोबाइल तलाश लिए। पांच मोबाइल अपराध से संबंधित होने पर पुलिस ने जांच में ले लिए। शेष 8.84 लाख 585 रुपए कीमत के 49 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाना तय किया। इसी के चलते मोबाइल मालिकों को बुधवार दोपहर कंट्रोल रूम बुलाया गया। यहां एसपी शुक्ल ने अपने हाथों से उन्हें मोबाइल सौंप दिए। गुम हुए मोबाइल पुन: मिलने से लोग एसपी,एएसपी अमरेंद्र सिंह को धन्यवाद देते नजर आए।
मुहिम में मानवता भी
पुलिस ने जिन लोगों के गुम हुए मोबाइल का पता लगाया उसमें से कई मोबाइल बेचे जा चुके थे तो कुछ इस्तेमाल कर रहे थे।  ऐसे में उन पर केस दर्ज किया जा सकता था, लेकिन पुलिस के बुलाने पर उन्होंने मोबाइल मिलने की बात स्वीकार करते हुए लौटा दिया। यहीं वजह रही कि पुलिस ने किसी पर भी अपराध दर्ज नहीं किया। याद रहे गुम हुए मोबाइल तलाशकर लौटाने की पुलिस ने पहली बार मुहिम शुरू की है।
इनकी रही भूमिका
मोबाइल तलाशने में आईटी सेल प्रभारी प्रतीक यादव, भाटपचलाना टीआई आरएस कुशवाह, चिंतामण प्रभारी प्रवीण पाठक, एसआई तरुण कुरील, सलमान कुरैशी, रविंद्र कटारे, प्रआ. संतोष राव, आरक्षक ईश्वर परिहार, सुनील भदौरिया, अरविंद यादव,ओपी मिश्रा, इकबाल खान, जितेंद्र यादव, गजेंद्र दुबे, कुनाल, नितिन चौहान, महेश मोर्य, दीपक पाल, राजपाल चंदेल, मुर्तजा, नितिन सिसोदिया व प्रिंस छाबड़ा की सराहनीय भूमिका रही है।
जारी रहेगी मुहिम
गुम हुए मोबाइल तलाशकर लौटाने की मुहिम सतत जारी रहेगी। कोशिश करेंगे कि प्रत्येक माह कम से कम 50 मोबाइल तलाशे। लोगों से भी अपील है कि लावारिस मिले मोबाइल या अन्य सामान थाने में जमाकर जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएं।
–सत्येंद्र कुमार शुक्ल, एसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

किसान आंदोलन: SC ने जताई कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका, कहा- तबलीगी जैसी न हो जाए दिक्कत

Thu Jan 7 , 2021
नई दिल्ली। किसान आंदोलन में कोरोना के हालात के मद्देनजर उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को चिंता जताई। अदालत ने केंद्र से पूछा कि क्या किसान आंदोलन में कोरोना के नियमों का पालन किया जा सकता है। सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) एसए बोबडे ने कहा कि हमें नहीं पता […]

Breaking News