झिंझरकांड के आरोपी शंकर कहार का आलीशान मकान तोड़ा

रासुका से छूटे बदमाश का घर भी ध्वस्त किया, पुलिस प्रशासन ने सूची बनाई, बदमाशों में मचा हडक़ंप मचा

उज्जैन,अग्निपथ। बदमाशों को नेस्तानाबूत करने की मुहिम शनिवार को भी जारी रही। पुलिस प्रशासन ने झिंझरकांड के फरार आरोपी के आलीशान मकान पर जेसीबी चला कर तोड़ दिया। वहीं रासुका में छूटे बदमाश के घर को भी तोड़ दिया। लगातार की जा रही इस कार्रवाई से बदमाशों में हडक़ंप मच गया है।

कहारवाड़ी निवासी शंकर कहार की पुलिस को झिंझरकांड में तलाश है। अब तक हाथ नहीं आने पर पुलिस प्रशासन ने शनिवार को नानाखेड़ा स्थित गुलमोहर कॉलोनी में उसके नवनिर्मित आलीशान मकान के अवैध हिस्से को ढहा दिया। शंकर पर 23 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें कई गंभीर अपराध हैं।

दूसरी कार्रवाई अन्ना उर्फ तोतला के बेगमबाग स्थित मकान पर की। यहां नाले पर अतिक्रमण कर बनाए मकान को नगर निगम गैंग ने ध्वस्त कर दिया। तोतला पर मारपीट, जानलेवा हमला,अड़ीबाजी सहित करीब 27 केस दर्ज हैं। वह हाल ही में रासुका से छूटा है। मुहिम के दौरान भारी फोर्स के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन विरोध नहीं होने से आसानी से कार्रवाई हो गई।

झिंझरकांड का जनक कहार

बताया जाता है शहर में झिंझर बेंचने की शुरूआत शंकर ने की थी। उसी को देख अन्य लोग भी इसमें लिप्त हो गए। नतीजतन आसानी से झिंझर मिलने से मजदूर इसका सेवन करने लगे और 14-15 अक्टूबर को एक दर्जन मजदूर इससे मौत का शिकार बन गए। मामले में शंकर का नाम आया, लेकिन वह फरार हो गया और अब तक हाथ नहीं आया। याद रहे झिंझरकांड के सरगना सिकंदर व युनूस के हेलावाड़ी स्थित मकानों को प्रशासन पूर्व में ही धाराशायी कर चुका है।

बच्चा का एक और मकान निशाने पर

सर्वविदित है 18 नवंबर को मंगलनगर में बदमाश चंचल उर्फ चवन्नी बरगुंडा और गांधीनगर में शाकिर उर्फ बच्चा का अवैध मकान को जमीदोंज किया था। पुलिस को बच्चा के गांधी नगर में एक और मकान का पता चला है। संभवत: सोमवार तक उसे भी तोड़ा जा सकता है। वहीं पुलिस ने कुछ अन्य बदमाशों की सूची बनाई है,उनकी संपत्ति की जांच के बाद गाज गिर सकती है।

नकली मावा-घी फैक्ट्री धाराशायी

ग्राम उंडासा में पकड़ाई नकली मावा और घी का जखीरा पकड़ाने के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने फैक्ट्री तोडऩा शुरू कर दिया था। रात होने के कारण कार्रवाई रोकना पड़ी थी। लेकिन पुलिस प्रशासन की चेतावनी को देखते हुए शनिवार को फैक्ट्री मालिक हार्दिक मोदी ने खुद सामान हटा लिया। बाद में प्रशासन ने फैक्ट्री ध्वस्त कर दी। इधर प्रशासन में चर्चा है कि मोदी पर अब रासुका भी लगाई जा सकती है।

इनका कहना है
शंकर कहार झिंझरकांड में फरार है। तोतला पर भी कई गंभीर अपराध है। दोनों के अवैध निर्माण को तोड़ा गया है। बदमाशों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की यह मुहिम जारी रहेगी।
– अमरेंद्रसिंह, एएसपी सिटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तराना का हिस्ट्रीशीटर उज्जैन में चुरा रहा था बाइक

Sat Nov 21 , 2020
4 वाहन बरामद, पूर्व में भी दर्ज हैं चोरी के मामले उज्जैन, अग्निपथ। शराब दुकान के सामने से बाइक चुराकर भाग रहे बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के चार वाहन बरामद किये हैं। बदमाश तराना का हिस्ट्रीशीटर है, कुछ साल से उज्जैन में रहकर वाहन चोरी को अंजाम […]

Breaking News