डबल इंजन के दावों पर सुसनेर में बट्टा: आगर जिले में भाजपा का ‘ऑर्गनाइजेशनल इंजन’ सीज, कांग्रेस की बांछें खिलीं

सुसनेर, अग्निपथ। प्रदेश और केंद्र में ‘डबल इंजन’ की सरकार का ढिंढोरा पीटने वाली भारतीय जनता पार्टी का आगर जिला संगठन खुद अब खटारा होकर दो फाड़ हो चुका है। जिलाध्यक्ष की संगठन पर नाममात्र की पकड़ और निष्क्रियता का आलम यह है कि आस्था का प्रतीक धार्मिक आयोजन भी अब भाजपा नेताओं के निजी ‘अहम’ और शक्ति प्रदर्शन का अखाड़ा बन चुके हैं। जिलाध्यक्ष ओम मालवीय की इस प्रशासनिक व संगठनात्मक विफलता का सीधा फायदा उठाकर कांग्रेस जिले में संजीवनी हासिल कर रही है।

आगर जिले में बंटी हुई भाजपा की गुटबाजी का शर्मनाक नजारा हाल ही में सुसनेर में देखने को मिला। नगर में विगत 12 वर्षों से श्रावण मास में ‘श्री शिव शक्ति कावड़ एवं कलश यात्रा संघ’ के बैनर तले एक ही भव्य कावड़ यात्रा निकलती आ रही थी, जो नगर की एकता और अटूट श्रद्धा का प्रतीक थी। लेकिन इस बार नेताओं के वर्चस्व की लड़ाई ने इस 12 साल पुरानी परंपरा के टुकड़े कर दिए। एक ही नाम और मंच से दो अलग-अलग कावड़ यात्राएं निकाली गईं। पहली यात्रा 19 अगस्त 2026 को और दूसरी यात्रा 22 अगस्त 2026 को निकाली गई। दोनों यात्राओं के पोस्टर, अतिथि और धड़े अलग-अलग रहे, जिसने भाजपा के बिखराव को पूरी तरह बेनकाब कर दिया।

जिले के सुसनेर, सोयत, नलखेड़ा और मोड़ी मंडल में भाजपा अब स्पष्ट रूप से दो गुटों—पूर्व विधायक समर्थक और पुरानी भाजपा—में बंट चुकी है। एक गुट कार्यक्रम आयोजित करता है तो दूसरा खुलकर उसका बहिष्कार करता है। भाजपा की संगठनात्मक लाचारी का इससे बड़ा सबूत क्या होगा कि धार्मिक आयोजनों में भाजपा पदाधिकारियों को मजबूरीवश कांग्रेस विधायक को अतिथि के रूप में मंच देना पड़ रहा है।

संगठन में आम निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सुनवाई पूरी तरह ठप है और केवल चहेतों को तवज्जो दी जा रही है। जब सत्ताधारी दल अपने कार्यकर्ताओं को ही एकजुट रखने में नाकाम है, तो जनता का विश्वास क्या बनाए रखेगा। आगामी नगर परिषद, जनपद और विधानसभा चुनावों में भाजपा की यह अंदरूनी गुटबाजी पार्टी के लिए आत्मघाती साबित होगी, जबकि कांग्रेस इस पूरे ड्रामे पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने में पूरी तरह कामयाब दिख रही है।

Next Post

एसपी ने सुपुर्द किए 24 लाख रुपये से अधिक के 125 गुम मोबाइल, पुलिस के प्रति बढ़ा नागरिकों का विश्वास

Thu Aug 27 , 2026
आगर मालवा, अग्निपथ। ऑपरेशन रिंगटोन 2.0 के तहत आगर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी संसाधनों और आईएमईआई ट्रैकिंग के जरिए विभिन्न राज्यों व जिलों से करीब 24 लाख 10 हजार 500 रुपये कीमत के 125 गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक […]

Breaking News