बारिश से बदला मौसम:MP-पंजाब समेत 5 राज्यों में तापमान बढ़ा; हिमाचल में बर्फबारी जारी, 56 रूट बंद

नई दिल्ली। लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। हिमाचल प्रदेश और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद) अगले 24 घंटे के दौरान भी भारी बारिश या हिमपात होने का अनुमान है। पंजाब, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। मंगलवार को कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई तो राजस्थान में ओले गिरे। गुजरात और दक्षिण कर्नाटक के ज्यादातर स्थानों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती क्षेत्र में तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री ऊपर रहा।

MP: भोपाल में दिन का पारा 6 डिग्री बढ़कर 25 के पार पहुंचा मध्यप्रदेश में हवा का रुख बदलते ही मौसम का मिजाज भी बदल गया। राजधानी भोपाल में मंगलवार दोपहर बाद घने बादल छंटे तो धूप निकली। इससे दिन के तापमान में 6 डिग्री का इजाफा हुआ। दिन का तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। रात का तापमान 16.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा। यह पिछले 5 साल में जनवरी में रात का सबसे ज्यादा तापमान है।

राजस्थान: कई जिलों में सुबह घना कोहरा, सबसे कम पारा श्रीगंगानगर में
कड़ाके की सर्दी के बाद अब राजस्थान में बारिश-ओलों का दौर जारी है। लगातार पांचवें दिन जयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, अलवर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओले गिरे। सुबह घना कोहरा रहा। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में 2 इंच, जयपुर के सांभर में पौने दो इंच बारिश हुई। हालांकि, बारिश के बाद भी पारे में 10 डिग्री तक उछाल आया। सबसे ज्यादा तापमान पिलानी में रहा। यहां रात का पारा 4 डिग्री से 14.1 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा सभी शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।

छत्तीसगढ़: वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, ठंड नहीं
सर्दी कम होने के बावजूद कोहरा अब भी बरकरार है। छत्तीसगढ़ के सबसे ठंडे जिले अंबिकापुर में दिन और रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर चला गया है। उत्तर के बजाय दक्षिण-पूर्व से आ रही हवा में नमी ज्यादा है, इसलिए ठंड कम हुई है। ठंड के नाम पर इसी नमी की वजह से आउटर में सुबह और रात में हल्का कोहरा ही रह रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जब तक पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म नहीं होता, ठंड नहीं बढ़ेगी।

हिमाचल: बर्फबारी के बाद पहाड़ी क्षेत्रों की मुश्किलें बढ़ीं
कड़ाके की ठंड और ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शिमला में इसका खासा असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को राज्य में करीब 56 रूट बंद हुए। बीते 24 घंटे में शिमला का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी मौसम खराब रहेगा और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में ट्रांसपोर्ट बंद हो गया है।

पंजाब: रात का पारा 14 डिग्री पर पहुंचा
राज्य के कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। इससे दिन का पारा 18 डिग्री, जबकि रात का तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया। जालंधर में देर रात गरज के साथ बारिश हुई। हवा का लो प्रेशर अगले 2 दिन सक्रिय रहेगा। 11 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली और रूपनगर में बुधवार को बूंदाबांदी के आसार हैं।

बिहार: दो दिन बाद तापमान में आएगी गिरावट
पटना में जनवरी महीने में कड़ाके ठंड की जगह गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम में यह बदलाव नम हवाओं और आसमान में छाए बादलों के कारण है। इससे राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 5° सेल्सियस से ज्यादा रिकाॅर्ड किया गया। मौसम की यह स्थिति 48 घंटों तक बनी रहेगी। इसके बाद हवा शुष्क हो जाएगी। पहाड़ों की बर्फबारी का असर राज्य के सभी हिस्सों में दिखेगा।मंगलवार को पटना में अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैनी पोहा बनेगा ब्रांड:धान यहीं उगे तो 250 रुपए का खर्च 75 पर आ जाएगा, 5 किसानों ने चावल उगाकर दी उम्मीद

Wed Jan 6 , 2021
उज्जैन। राज्य सरकार ने एक जिला एक उत्पाद अभियान में उज्जैन जिले के लिए पोहा उद्योग को चुना है। लेकिन इसकी राह आसान नहीं है। इसके लिए सबसे जरूरी है धान की उपलब्धता। धान यही उगे तो 250 रुपए प्रति क्विंटल का खर्च घटकर 75 रुपए से भी नीचे आ […]

Breaking News