मंडी में कारोबार पर फंसा पेंच: हम्मालों ने हड़ताल पर जाने की ठानी, व्यापारी झुकने को तैयार नहीं

उज्जैन मंडी

उज्जैन, अग्निपथ। कृषि उपज मंडी में गेंहू के सीजन के बीच एक ऐसा पेंच फंस गया है जिससे आने वाले दिनों में मंडी का करोड़ो रुपयों का कारोबार प्रभावित हो सकता है।

पिछले लगभग 2 महीने से मजदूरी दर बढ़ाने की मांग कर रहे हम्मालों ने 28, 29 मार्च को हड़ताल पर जाने और इसके बाद भी मजदूरी नहीं बढऩे पर 1 अप्रैल से अनिश्चितकाल के लिए काम बंद करने की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ मंडी के व्यापारी अपने फैसले पर अडिग है, वे मजदूरी दर बढ़ाने के लिए राजी नहीं है और निजी ठेकेदार से 1 अप्रैल से काम शुरू कराने पर अड़े हुए है।

शुक्रवार को कृषि उपज मंडी सचिव उमेश शर्मा ने व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल और अन्य पदाधिकारियों को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में मंडी सचिव ने हम्मालों द्वारा दी गई हड़ताल की चेतावनी का जिक्र करते हुए आपसी विचार-विमर्श कर रास्ता निकालने और मंडी प्रशासन द्वारा इसमें सहयोग करने की बात लिखी है। मंडी सचिव की मंशा है कि हम्माल और व्यापारियों के बीच जारी विवाद की वजह से सीजन के बीच में मंडी में किसी तरह से कारोबार प्रभावित न हो।

आमने-सामने

हम्माल

  • मंडी में करीब 1400 हम्माल पिछले 3 महीने से मजदूरी दर बढ़ाने की मांग कर रहे है। इनका तर्क है कि पिछली बार 2020 में मजदूरी दर बढ़ाई गई थी। महंगाई ज्यादा है लिहाजा व्यापारियों को हम्माल दर बढ़ाना होगी।
  • हम्मालों ने 28 और 29 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल कर लोडिंग-अनलोडिंग का काम बंद रखने की मंडी प्रशासन को चेतावनी दी है।
  • हम्मालों ने दो दिनी हड़ताल से भी मांग निराकृत नहीं होने पर 1 अप्रैल से अनिश्चितकालीन काम बंद करने की चेतावनी दी है।

व्यापारी

  • मंडी के 350 से ज्यादा व्यापारी हम्माली दर बढ़ाने पर राजी नहीं है, तर्क है कि संभाग में सबसे ज्यादा हम्माली दर उज्जैन मंडी में ही दी जा रही है। दर बढ़ाने के बजाए व्यापारियों ने आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से हम्मालों की व्यवस्था करने की तैयारी की है।
  • काजीपुरा निवासी दिनेश मीणा के साथ हम्माल उपलब्ध कराने का व्यापारियों ने अनुबंध भी कर लिया है, दिनेश मीणा वर्तमान दर से भी 5 प्रतिशत कम पर मंडी व्यापारियों को हम्माल उपलब्ध कराएंगे।
  • आउटसोर्स एजेंसी ने भी व्यापारियों और मंडी प्रशासन को 1 अप्रैल से मंडी में काम शुरू करने की अनुमति मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बार कोड स्कैन करते ही मिले पांच ट्रांजेक्शन के मैसेज

Thu Mar 24 , 2022
आर्मीमेन बनकर शातिर बदमाश ने की धोखाधड़ी उज्जैन, अग्निपथ। डीजे और महिला सिंगर की बुकिंग करने के बाद आर्मीमेन बनकर शातिर बदमाश ने खाते से साढ़े सात हजार रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया। धोखाधड़ी का शिकार डीजे संचालक ने मामले की शिकायत आवेदन देकर पुलिस को दर्ज कराई है। 21 […]