मध्यप्रदेश में 1 मार्च से बढ़ेगा बस किराया

बस ऑपरेटर बोले- हमें जानकारी नहीं, बैठक कर तय करेंगे रणनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश में 1 मार्च से बसों का किराया बढ़ाने के संबंध में 25 फरवरी को परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ऐलान किया था। साथ ही, बस ऑपरेटर और जनता की सहमति से रेट तय करने की बात कही थी। इधर, किराया बढ़ने की तारीख के एक दिन पहले तक बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि उनके पदाधिकारियों को बुलाना दूर, अब तक किराया बढ़ाने के संबंध में जानकारी तक नहीं दी गई है।

रविवार को मध्यप्रदेश बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि हमारी प्रस्तावित हड़ताल के एक दिन पहले परिवहन मंत्री ने किराया बढ़ाने का ऐलान किया था। यह हड़ताल को रोकने की साजिश लग रही है। अब तक हमें न तो किराया बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई और ना ही किसी बैठक में बुलाया गया, जबकि 1 मार्च से किराया बढ़ाने का परिहवन मंत्री ने ऐलान किया है। फिर भी हम सरकार को समय देंगे। इसके बाद एक दो दिन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

6 महीने बाद मंत्री कह रहे, किराया बढ़ाएंगे

गोंविद शर्मा ने बताया, 18 सितंबर को किराया बोर्ड की बैठक हो चुकी है। इसमें हमारे दो प्रतिनिधि और सरकार के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में तय हुआ था कि 50 प्रतिशत किराया बढ़ेगा। इस निर्णय की फाइल को सरकार 6 महीने से दबाए बैठी है।

वहीं, विभाग के अनुसार सरकार किराया बोर्ड की पूर्व में हुई बैठक के अनुसार ही किराया बढ़ाने का निर्णय ले सकती है। हालांकि मामले में परिवहन विभाग का कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।

यह कहा था परिवहन मंत्री ने

बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने किराया बढ़ाने की मांग को लेकर 26 और 27 फरवरी को सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया था। इसके एक दिन पहले ही परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने 1 मार्च से बसों का किराया बढ़ाने की घोषणा कर दी थी। मंत्री ने कहा था, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के बाद इस संबंध में निर्णय लिया गया है। किराया कितना बढ़ेगा, अभी यह तय नहीं है। राजपूत ने कहा था कि बस संचालक और यात्रियों की सहमति से किराया तय किया जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश बस ऑपरेटरों ने भी सरकार के आश्वासन के बाद हड़ताल को वापस ले ली थी। ​​​​​

15 से 25 प्रतिशत किाराया बढ़ोतरी की चर्चा

सरकार बसों के किराए में 15 से 25 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है। इस पर बस ऑपरेटर एसोसिएशन का कहना है कि 25 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी होती है, तो हम स्वागत करेंगे। डीजल के रेट में ही 25 से 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो गई है। किराए में 25 प्रतिशत से कम बढ़ोतरी मंजूर नहीं।

यदि 25 प्रतिशत किराया बढ़ा तो …

प्रदेश में अभी डीलक्स बस 1.25 रुपए प्रति किमी और लोकल बस 1 रुपए प्रति किमी के किराए पर चलती है। यानी भोपाल से इंदौर की दूरी 190 किलोमीटर है। अभी डीलक्स बस से किराया 237 रुपए प्रति यात्री है। किराए में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने पर किराया 298 रुपए के करीब हो जाएगा। वहीं, साधारण बस का किराया 1 रुपए प्रति किमी है। यानी अभी 190 रुपए किराया है। 25 प्रतिशत बढ़ोतरी होने पर किराया 238 रुपए के करीब हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रदेश का बजट: पेट्रोल-डीजल, शराब पर न वैट घटेगा, न नया टैक्स लगेगा

Sun Feb 28 , 2021
भोपाल। सस्ते पेट्रोल-डीजल के लिए प्रदेश बजट से आस लगाए बैठी जनता को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सरकार 2 मार्च को विधानसभा में जो बजट पेश करने जा रही है, उसमें पेट्रोलियम पदार्थों से वैट घटाने की घोषणा शामिल नहीं है। यानी पेट्रोल-डीजल पर सरकार अभी टैक्स […]

Breaking News