मप्र में सबसे ज्यादा 15501 पर उज्जैन में मुहूर्त पर बिकी सोयाबीन

विधायक ने कर्मचारी की तरह नीलामी और सांसद ने व्यापारी बन बोली लगाकर किया मुहूर्त का शुभारंभ

उज्जैन, अग्निपथ। मप्र में सबसे ज्यादा दाम पर उज्जैन कृषि उपज मंडी में सोयाबीन 15501 रुपए में मुहूर्त की नीलामी हुई। तय मुहूर्त पर विधायक पारस जैन ने मंडी कर्मचारी की भूमिका निभाते हुए बैलगाड़ी पर खड़े होकर नीलामी की बोली लगाई,तो सांसद अनिल फिरोजिया ने व्यापारी की भूमिका निभाते हुए सोयाबीन की बोली प्रदेश में सबसे ज्यादा 15 हजार 501 में गांव गोन्सा के किसान तेजकरण (पीयूष चौधरी) की सोयाबीन की बोली लगाई। इसे गिरीराज ट्रेडिंग कंपनी ने खरीदा।

बोली में नए खरीदार गोविंद शर्मा ने साढ़े 14 हजार तक बोली लगाई थी। परन्तु सांसद प्रतिनिधि पवन विश्वकर्मा की कंपनी ने इस मुहूर्त की सबसे ऊंची बोली लगाकर अपने नाम की। गेहूं की बोली 3501 में गोविंदम इंटरनेशनल कंपनी ने पंवासा के किसान सुनील की खरीदी। पंवासा के किसान नरेंद्र दरबार की मक्का 2501 में सांई फूड प्रोसेसिंग ने खरीदी। ऊर्दपुरा के किसान मुन्नालाल की ज्वार 3501 में गिरीराज ट्रेडिंग कंपनी ने खरीदी। चकरावदा के किसान हाकम सिंह के चना डॉलर पूर्व सांसद चिंतामण मालवीय के भाई हजारीलाल मालवीय ने 10051 पर खरीदी। वहीं पिंगलेश्वर के किसान राजेश की उड़द 5151 में केसरीनंदन ट्रेडर्स ने खरीदी।

किसानों की समस्या और व्यापारियों की मदद के लिए सरकार हर समय तैयार : फिरोजिया

किसानों की समस्या के निराकरण के लिए और व्यापारियों की मदद के लिए प्रदेश सरकार हर समय तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए नए कानून लाए जा रहे हैं। इससे किसान अपनी फसल को जहां भी बेचना चाहे बेच सकता है। उक्त बात सांसद अनिल फिरोजिया ने उज्जैन कृषि उपज मंडी में मुहूर्त की नीलामी से पहले आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि व्यापारी चाहे तो आत्मनिर्भर भारत योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को और अधिक बढ़ा सकता है। इस दौरान विधायक पारस जैन ने कहा, मंडी में व्यापारी, किसान मिलकर काम करें। अगर व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी आए तो वे तत्काल ही किसान को इसके संबंध में बताए और दोनों मिलकर मंडी के विकास के लिए काम करें।

पहले लाटरी निकाली,फिर बैलगाड़ी पर जाकर की नीलामी

सम्मान समारोह में मंचासीन अतिथि।

मंडी में मुहूर्त की खरीद से पहले किसानों की फसल की नीलामी से पहले लॉटरी सिस्टम से किसानों के नाम निकाले गए। मंच पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, पूर्व सांसद चिंतामण मालवीय ने पहले पांच नीलामी के किसानों के नाम लाटरी से निकाले। उनका मंच पर बुलाकर पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सभी उनकी बैलगाड़ी पर नीलामी के लिए पहुंचे थे।

मंच पर अनाज तिलहन संघ के अध्यक्ष गोविंद खंडेलवाल, सचिव अनिल गर्ग, किसान नेता केसर सिंह पटेल, मंडी बोर्ड के उप संचालक प्रवीण वर्मा, सचिव उमेश बसेडिया शर्मा, प्रांगण प्रभारी अश्विनी पहाडिय़ा, प्रकाश तल्लेरा, मुकेश हरभजनका, जितेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र राठौर, मनीष जैन गावड़ी, अनिल शेखावत, क्रितेश हरभजनका, दिनेश भायल, जितेंद्र अग्रवाल, अनिल मस्ती आदि मौजूद थे।

मुहूर्त के दिन 19 हजार 419 बोरियों की आवक

मंडी में मुहूर्त के दिन लोकवन की 3298 बोरियों की आवक हुई। यह अधिकतम 2427 के दाम, गेहूं पूर्णा की 107 बोरियां अधिकतम 3051 के दाम, पोषक की 435 बोरियां 2381 के दाम, ज्वार की 61 बोरियां 3501 के अधिकतम दाम पर बिकी। चना मोसमी की एक बोरी अधिकतम 5500, चना देशी की 38 बोरी 4775 के अधिकतम, चना काबली की 332 बोरी 3701 और चना शंकर बड़ा की 161 बोरी 4750 के दाम पर बिकी। मक्का की 112 बोरी 2501 के दाम, उड़द की 27 बोरी 5151 के दाम, सोयाबीन की 14822 बोरी 15501 के अधिकतम दाम पर बिकी। मैथीदाना की एक बोरी 6390 के अधिकतम, धनिया की एक बोरी 4310, बटला की 23 बोरी 4391 के अधिकतम दाम पर बिकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मध्यप्रदेश भाजपा प्रभारी के विवादित बयान पर सर्व ब्राह्मण समाज का टावर पर प्रदर्शन

Tue Nov 9 , 2021
उज्जैन, अग्निपथ। गत दिवस मध्यप्रदेश के भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव द्वारा दिए गए ब्राह्मण एवं बनिया समाज पर विवादित बयान के खिलाफ आज उज्जैन में टावर पर मुरलीधर राव का पुतला दहन कर प्रभारी व भाजपा संगठन के खिलाफ नारेबाजी की गई। हिमांशु शुक्ल ने बताया कि मुरलीधर राव ने […]

Breaking News